स्कूल की जमीन पर कब्जा, खंडहर में पढ़ रहे बच्चे
ऊपर से गुजर रही बिजली लाइन; दबंगों से मुक्त नहीं करा पाया प्रशासन
पहाड़ी, (डीग) प्राथमिक स्कूल के लिए अलॉट की गई जमीन पर दबंगों ने कब्जा कर लिया। मजबूरी में बच्चे दूसरी जगह जर्जर बिल्डिंग में पढ़ाई कर रहे हैं। इस खुंडहरनुमा बिल्डिंग के ऊपर से बिजली के तार भी गुजर रहे हैं। ऐसे में खतरा दोहरा है। मामला डीग के पहाड़ी थाना इलाके के आलमपुर गांव का है।
आलमपुर गांव के इस स्कूल में 2 कमरे हैं। एक कमरे में ऑफिस और दूसरे में क्लास चलती है। ग्रामीणों का कहना है कि बच्चे स्कूल के ग्राउंड में बैठकर पढ़ते हैं। स्कूल की बिल्डिंग पुरानी, जर्जर है, पटि्टयां टूटी हुई हैं।
स्कूल में पढ़ने वाले छात्र बिलाल, अजूबर और इकलास के पिता आजाद ने बताया- बिल्डिंग के ऊपर से बिजली के तार गुजर रहे हैं। इमारत जर्जर है। कभी भी हादसा हो सकता है। पोषाहार के लिए बनी रसोई भी गिरने की हालत में है।

आजाद ने बताया- स्कूल की जगह मकान बना है। स्कूल दूसरी जगह चल रहा है। वह भूमि विद्यालय की नहीं होकर खसरा नंबर 492 रखवा 0.38 हेक्टेयर निजी खातेदारी की भूमि है। जबकि विद्यालय के नाम से खसरा नंबर 58 रखवा 0.05 हेक्टेयर भूमि है।
इस पर भूमाफियाओं ने पक्का निर्माण कर मकान बना रखे हैं। जिसके कब्जा मुक्त करने के आदेश भी हैं। परंतु प्रशासन उक्त भूमि को विद्यालय को नहीं दिला पाया है।


