रामपुरा पाटन में पेट्रोल पंप के पास जलभराव से बढ़ा खतरा; सड़क के बीच गहरा गड्ढा बना आफत, 2–3 साल से परेशान राहगीर
कठूमर (दिनेश लेखी) उपखंड क्षेत्र के रामपुरा पाटन गांव में खेड़ली– मंडावर मुख्य सड़क मार्ग पर बीते कई वर्षों से बना गहरा गड्ढा अब आमजन के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन गया है। यह सड़क अलवर–दौसा जिले को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण मार्ग है, लेकिन बीच सड़क पर बने इस गड्ढे के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार रामपुरा पाटन स्थित पेट्रोल पंप के पास सड़क के बीचों-बीच बना यह गड्ढा अक्सर पानी से भरा रहता है, जिससे इसकी गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता है। परिणामस्वरूप दोपहिया वाहन चालक, राहगीर और यहां तक कि भारी वाहन भी दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं। आवागमन में बाधा, दुर्घटनाओं का खतरा गहरे गड्ढे और जलभराव के चलते स्कूली बच्चों, पैदल चलने वालों तथा अनाज से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉलियों और ट्रकों की आवाजाही प्रभावित हो रही है। खेड़ली की अनाज मंडी में आने-जाने वाले किसान भी इसी मार्ग का उपयोग करते हैं, जिससे यह सड़क और अधिक महत्वपूर्ण हो जाती है।
इसके अलावा रामपुरा के समीप स्थित घाटा बाबाजी के प्रसिद्ध मंदिर पर आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को भी इस गड्ढे से होकर गुजरना पड़ता है, जिससे उन्हें भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि लगभग रोजाना कोई न कोई व्यक्ति इस गड्ढे में गिर जाता है।
बारिश के मौसम में यह समस्या और विकराल रूप ले लेती है। पानी भर जाने से गड्ढा पूरी तरह छिप जाता है और वाहन चालक अचानक उसमें गिरकर चोटिल हो जाते हैं। ऐसे में कभी भी बड़ा हादसा होने की आशंका बनी रहती है।
ग्रामीणों के अनुसार यह गड्ढा पिछले 2 से 3 वर्षों से सड़क पर बना हुआ है, लेकिन अब तक इसकी मरम्मत नहीं करवाई गई है। जबकि इस मार्ग से प्रतिदिन सैकड़ों छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं।
प्रशासन से लगाई गुहार
ग्रामीणों व राहगीरों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत करवाने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
इस मौके पर ग्रामीणों में विष्णु शर्मा, परवेंद्र राजपूत, दुष्यंत राजपूत सहित ग्रामीण भगत सैनी, रामभरोसी सैनी, विश्राम शर्मा, विष्णु सैनी और हरकेश सैनी ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।


