145 नन्हें हुनरों को मिला नया आयाम: ‘आजाद’ शाखा के नौ दिवसीय अभिरुचि शिविर का उत्साहपूर्ण समापन
भीलवाड़ा (बृजेश शर्मा) भारत विकास परिषद, राजस्थान मध्य प्रांत की ‘चंद्रशेखर आजाद’ शाखा के तत्वावधान में आयोजित नौ दिवसीय ‘कला अभिरुचि शिविर’ का रविवार को डॉन बोस्को एकेडमी में हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में समापन हुआ। शिविर में 145 विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा को निखारा और नई-नई विधाओं में दक्षता हासिल की।
नौ दिनों तक चले इस शिविर में बच्चों को डांस, कुकिंग, स्पोकन इंग्लिश, पर्सनैलिटी डेवलपमेंट और गरबा जैसी विविध गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षकों ने बच्चों के कौशल विकास के साथ उनके आत्मविश्वास को सुदृढ़ करने पर विशेष ध्यान दिया, जिससे प्रतिभागियों में सकारात्मक ऊर्जा का संचार हुआ।
समापन समारोह का मुख्य आकर्षण जादूगर नरेश का शानदार प्रदर्शन रहा। उनके हैरतअंगेज जादुई करतबों ने बच्चों और उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। जादू के माध्यम से मनोरंजन के साथ ज्ञानवर्धन का संदेश भी प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रांतीय अध्यक्ष राधेश्याम सोमानी एवं विशिष्ट अतिथि शहर समन्वयक रजनीकांत आचार्य ने शिविर की सफलता की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास में मील का पत्थर साबित होते हैं। उन्होंने बच्चों को निरंतर सीखने और अपने कौशल को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का संचालन भारती मोदानी और प्रशांत खटोड़ ने किया।
शिविर को सफल बनाने में मातृशक्ति और परिषद के सदस्यों की अहम भूमिका रही। आयोजन में निशा बाहेती, संगीता जागेटिया, वर्षा बजाज, मीनू सोमानी, हितिका झंवर, नीतू हेड़ा, रिंकू सोमानी, मीनाक्षी आचार्य, सीमा कोठारी, रेखा शर्मा, रेखा सोमानी, मधु राठी, कल्पना सोनी, विजया सोमानी, अदिति लड्ढा, टोनिका झंवर सहित अनेक महिलाओं तथा अजय कोठारी, राधेश्याम पोरवाल, राकेश सोमानी, प्रदीप शर्मा, अरुण बाहेती, मुकेश मोदानी, कैलाश आचार्य, अनिल बजाज, दीपक समदानी, श्याम सुंदर सोमानी, योगेश सोडानी, आशीष झंवर, योगेश हेड़ा, विष्णु समदानी, अमित सोनी, विनोद कोठारी, विनोद राठी, नवीन जागेटिया सहित अन्य सदस्यों का उल्लेखनीय योगदान रहा।
कार्यक्रम प्रभारी जागृति चौधरी, सहप्रभारी आरती खटोड़, महिला सहभागिता संयोजिका विजयलक्ष्मी समदानी, सहसंयोजिका आशा काबरा, अध्यक्ष प्रदीप चौधरी एवं कोषाध्यक्ष मोहित पगारिया सहित ‘आजाद’ शाखा के सभी सदस्यों के सामूहिक प्रयासों से शिविर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।


