एचपीवी टीका लड़कियों की सुरक्षा के लिए आवश्यक, घबराएं नहीं: डॉ. मनोज सैनी
उदयपुरवाटी (सुमेरसिंह राव) भारत सरकार के दिशा-निर्देशानुसार राजस्थान में 14 से 15 वर्ष की किशोरियों के लिए संचालित एचपीवी (HPV) टीकाकरण अभियान को लेकर बुधवार को उदयपुरवाटी के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। अतिरिक्त प्रभार एसडीएम सुशील सैनी के निर्देशन में मेडिकल टीम ने स्कूलों का दौरा कर छात्राओं को टीकाकरण के लिए प्रेरित किया।
गर्भाशय कैंसर से सुरक्षा का कवच
राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) के चिकित्सा प्रभारी डॉ. मनोज सैनी ने बताया कि गर्भाशय के मुंह (सर्वाइकल) के कैंसर का मुख्य कारण ह्यूमन पेपिलोमा वायरस (HPV) संक्रमण है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस प्रकार के कैंसर के लगभग 99% मामले एचपीवी संक्रमण से जुड़े होते हैं। डॉ. सैनी ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि यह टीका पूरी तरह सुरक्षित है और लड़कियों को इससे घबराने की आवश्यकता नहीं है।
इन विद्यालयों में दी गई जानकारी
मेडिकल टीम, एसीबीओ (ACBO) और सीबीईओ (CBEO) ने संयुक्त रूप से कस्बे के प्रमुख विद्यालयों में दिशा-निर्देश जारी किए, जिनमें शामिल हैं:
- सेंट्रल सीनियर सेकेंडरी स्कूल
- बीआर सीनियर सेकेंडरी स्कूल
- प्रभा सीनियर सेकेंडरी स्कूल
- एसएमएस सीनियर सेकेंडरी स्कूल
- राजकीय पीएम श्री सीनियर सेकेंडरी स्कूल
सरकार की पहल में सहयोग की अपील
चिकित्सा प्रभारी ने अपील की कि 14 से 15 साल तक की लड़कियां अधिक से अधिक संख्या में यह टीका लगवाकर सरकार की इस महत्वपूर्ण स्वास्थ्य पहल में भागीदार बनें। अभियान का उद्देश्य समय रहते किशोरियों को भविष्य में होने वाले गंभीर कैंसर रोगों से सुरक्षित करना है


