बड़ौदामेव पुलिस की बड़ी सफलता: अंतर्राज्यीय गिरोह के दो शातिर वाहन चोर गिरफ्तार, 3 बाइक बरामद
अलवर जिले के बड़ौदामेव थाना पुलिस ने एक अंतर्राज्यीय वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार करने और एक नाबालिग को निरुद्ध करने में सफलता हासिल की है
एसएचओ मोहन सिंह ने बताया- गिरफ्तार आरोपी अंतर्राज्यीय स्तर पर सक्रिय थे। वे अलवर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों के साथ-साथ जिला डीग में भी वाहन चोरी, नकबजनी और अन्य चोरी की वारदातों में संलिप्त रहे हैं।
घटना 1 मई 2026 की है। बडौदामेव निवासी दीपक जाटव ने एक रिपोर्ट दर्ज करवाई। उन्होंने बताया कि दिनदहाड़े अज्ञात व्यक्ति उनके घर में घुसकर सोनाटा कंपनी की हाथ घड़ी, वीवो कंपनी का मोबाइल और मोटोरोला कंपनी के दो मोबाइल चोरी कर ले गए। आरोपी एक मोटरसाइकिल पर आए थे और यह पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान, पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर जसविंदर (25) निवासी खालना नगर, थाना रामगढ़, और जुबेर (26) निवासी बडौदामेव को गिरफ्तार किया। एक बाल अपचारी को भी निरुद्ध किया गया। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी का माल और तीन मोटरसाइकिलें बरामद की गईं, जिनमें एक हीरो स्प्लेंडर प्लस, एक बिना नंबर की पल्सर एनएस और एक टीवीएस अपाचे शामिल हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने रामगढ़, गोविंदगढ़, वैशाली नगर सहित कई थाना क्षेत्रों में दर्जनों वारदातें करना स्वीकार किया है। पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर अन्य वारदातों का खुलासा करने में जुटी हुई है।


