बाबा मथुरादास आश्रम चोरी कांड का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार
मुंडावर (देवराज मीणा) खैरथल-तिजारा जिले के मुण्डावर थाना पुलिस ने बाबा मथुरादास महाराज आश्रम रडवा में हुई चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गया माल बरामद कर घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त की है।
पुलिस के अनुसार महानिरीक्षक पुलिस जयपुर रेंज राहुल प्रकाश एवं जिला पुलिस अधीक्षक खैरथल-तिजारा बृजेश ज्योति उपाध्याय के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जया सिंह तथा वृत्ताधिकारी किशनगढ़बास लालसिंह के सुपरविजन में थानाधिकारी मोहर सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी।
पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी सहायता के आधार पर आरोपियों की पहचान कर विभिन्न स्थानों पर तलाश की। इसके बाद आरोपी आशु उर्फ तांत्रिक उर्फ बच्चा तथा पन्नालाल को गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपी मुण्डावर थाना क्षेत्र के सिहाली खुर्द गांव के निवासी हैं।
पुलिस ने आरोपियों से चोरी के गेहूं के कट्टे, गैस सिलेंडर सहित अन्य सामान बरामद किया है। वहीं वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली गई है। पुलिस का मानना है कि आरोपियों से क्षेत्र में हुई अन्य चोरी की वारदातों के संबंध में भी अहम खुलासे हो सकते हैं। मामले में अनुसंधान जारी है।


