उज्ज्वला गैस उपभोक्ताओं के लिए बड़ी खबर: अब हर साल कराना होगा बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन, 30 जून तक कराएं e-KYC अन्यथा रुक जाएगी सब्सिडी
दिल्ली (डेस्क) पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार देश सहित राजस्थान के सभी प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना (PMUY) के लाभार्थियों के लिए एक नया और महत्वपूर्ण नियम लागू किया गया है। अब योजना के तहत मिलने वाली गैस सब्सिडी का लाभ निरंतर जारी रखने के लिए सभी उपभोक्ताओं को वर्ष में कम से कम एक बार आधार आधारित बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन (e-KYC) करवाना अनिवार्य होगा। समय पर वेरिफिकेशन न कराने की स्थिति में उपभोक्ताओं को मिलने वाली सब्सिडी रोकी जा सकती है।
- 30 जून तक का समय, राजस्थान के 73 लाख उपभोक्ता प्रभावित:
मंत्रालय द्वारा जारी आदेश के अनुसार, जिन उपभोक्ताओं ने उज्ज्वला गैस कनेक्शन लेने के बाद से अब तक एक बार भी अपना बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण नहीं कराया है, उनके लिए 30 जून, 2026 तक की अंतिम समय सीमा (Deadline) तय की गई है। यदि इस अवधि तक e-KYC की प्रक्रिया पूरी नहीं की गई, तो जून महीने के बाद मिलने वाली सब्सिडी बंद कर दी जाएगी। इस नए नियम से अकेले राजस्थान के करीब 73 लाख उज्ज्वला उपभोक्ता सीधे तौर पर प्रभावित होंगे।
- रिफिल बुकिंग को लेकर नया नियम:
मंत्रालय ने तेल विपणन कंपनियों (IOCL, BPCL, HPCL) को निर्देश जारी करते हुए स्पष्ट किया है कि यदि कोई उज्ज्वला लाभार्थी साल में 7 सिलेंडर (रिफिल) लेने के बाद जैसे ही 8वीं रिफिल बुक करवाएगा, तो उसे अगली सब्सिडी जारी होने से पहले अपना बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन करवाना अनिवार्य होगा। गौरतलब है कि सरकार द्वारा उज्ज्वला योजना के तहत उपभोक्ताओं को साल में अधिकतम 9 सिलेंडरों तक सब्सिडी का लाभ दिया जाता है।
- क्यों लिया गया यह निर्णय?
विभागीय सूत्रों के अनुसार, लंबे समय से गैस कनेक्शनों का भौतिक सत्यापन और केवाईसी न होने के कारण वर्तमान में कई ऐसे कनेक्शन भी सक्रिय पाए गए हैं, जिनके मूल धारकों की या तो मृत्यु हो चुकी है या वे अपना निवास स्थान बदलकर अन्यत्र जा चुके हैं। इस प्रकार के अपात्र और संदिग्ध कनेक्शनों को सिस्टम से हटाकर एक पारदर्शी व शुद्ध डेटा (Fresh Data) तैयार करने के उद्देश्य से सरकार ने यह कदम उठाया है, ताकि सब्सिडी का पैसा सीधे और सही लाभार्थी तक पहुँच सके।
- कहाँ और कैसे कराएं वेरिफिकेशन:
सभी उज्ज्वला उपभोक्ता अपनी संबंधित गैस एजेंसी (डीलरशिप) पर जाकर अपने आधार कार्ड के माध्यम से फिंगरप्रिंट (बायोमेट्रिक) देकर इस e-KYC प्रक्रिया को निशुल्क पूरा करवा सकते हैं। असुविधा से बचने के लिए उपभोक्ताओं को अंतिम तिथि (30 जून) का इंतजार किए बिना जल्द से जल्द अपनी गैस एजेंसी से संपर्क करने की सलाह दी गई है।


