पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 95 किलो अवैध डोडा-चूरा तस्करी मामले में 8 महीने से फरार मुख्य आरोपी पूर्व सरपंच गिरफ्तार
बारां जिला पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदासु के कुशल निर्देशन में मादक पदार्थ तस्करों और वांछित अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बारां जिला पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। बारां सदर थाना पुलिस ने एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत दर्ज अवैध मादक पदार्थ तस्करी के एक बहुचर्चित मामले में पिछले करीब 8 महीने से फरार चल रहे मुख्य आरोपी और पूर्व सरपंच बलराम मीणा को गिरफ्तार कर लिया है।:
पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदासु ने बताया कि 29 अक्टूबर 2025 को बारां सदर थाना पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान एक कार से 95 किलो अवैध डोडा-चूरा जब्त किया था। पुलिस अनुसंधान और गहन जांच में यह तथ्य सामने आया कि लक्ष्मीपुरा खुर्द निवासी पूर्व सरपंच बलराम मीणा इस अवैध मादक पदार्थ की खेप को नागौर निवासी तस्कर ओम चौधरी तक पहुंचाने के पूरे षड्यंत्र में मुख्य रूप से शामिल था।
तस्करी की वारदात के समय मुख्य आरोपी बलराम मीणा का ड्राइवर जसवंत मीणा वाहन चला रहा था, जबकि उसका बेटा सुरेंद्र और सहयोगी हेमराज मीणा कार को आगे-आगे मोटरसाइकिल से एस्कॉर्ट (रेकी) कर रहे थे। पुलिस ने पूर्व में कार्रवाई करते हुए मौके से आरोपी के बेटे सुरेंद्र और सहयोगी हेमराज को तो दबोच लिया था, लेकिन मुख्य सूत्रधार बलराम मीणा पुलिस को चकमा देकर फरार होने में कामयाब रहा था।
पिछले 8 महीनों से फरार चल रहे शातिर आरोपी बलराम मीणा पर पुलिस लगातार नजर बनाए हुए थी। वृत्ताधिकारी (सीओ) रामानंद यादव के सुपरविजन में गठित विशेष टीम ने तकनीकी विश्लेषण (Technical Surveillance) और पुख्ता मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी के छिपने के ठिकाने का पता लगाया और उसे घेराबंदी कर हिरासत में ले लिया। पूछताछ के बाद आरोपी को विधिवत गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड प्राप्त कर लिया है। रिमांड अवधि के दौरान आरोपी से मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त के स्रोतों, नागौर नेटवर्क और इस अवैध कारोबार में शामिल अन्य अपराधियों के संबंध में गहन पूछताछ की जा रही है, जिससे कई अन्य बड़े खुलासे होने की उम्मीद है।
इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने में वृत्ताधिकारी रामानंद यादव, उपनिरीक्षक (SI) कौशलकिशोर, उपनिरीक्षक डालूराम, हेड कॉन्स्टेबल महेश कुमार, तगाराम तथा कॉन्स्टेबल जितेंद्र, विकास और सुरेंद्र की विशेष भूमिका रही।


