सोशल मीडिया पर फर्जी विज्ञापन देकर ठगी करने वाला शातिर साइबर ठग चढ़ा रामगढ़ पुलिस के हत्थे, मोबाइल व सिम कार्ड बरामद।
रामगढ़ (अलवर) रामगढ़ थाना पुलिस ने साइबर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए खानपुर गांव से एक ऐसे शातिर साइबर ठग को गिरफ्तार किया है, जो आम लोगों को 'नटराज पेन-पेंसील' की एजेंसी दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी कर रहा था। आरोपी की पहचान शौकत खान पुत्र कासम निवासी खानपुर, थाना रामगढ़, जिला अलवर (राजस्थान) के रूप मे हुई है।
थानाधिकारी अजीत बड़सरा ने बताया कि पुलिस को मुखबिर के जरिए सूचना मिली थी कि खानपुर गांव में एक व्यक्ति संदिग्ध साइबर गतिविधियों में लिप्त है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए तुरंत एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने गुरुवार देर शाम खानपुर गांव में योजनाबद्ध तरीके से दबिश देकर आरोपी शौकत खान को मौके से धर दबोचा।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी बेहद शातिर तरीके से ठगी की वारदातों को अंजाम देता था। वह फेसबुक, इंस्टाग्राम और वॉट्सऐप जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर "नटराज पेन-पेंसिला एजेंसी/पैकिंग जॉब" दिलाने के नाम पर लुभावने और फर्जी विज्ञापन पोस्ट करता था। जब बेरोजगार या जरूरतमंद लोग इन विज्ञापनों को देखकर उससे संपर्क करते, तो वह उन्हें एजेंसी दिलाने का फर्जी भरोसा देता था। इसके बाद वह रजिस्ट्रेशन फीस, सिक्योरिटी मनी और अन्य विभिन्न शुल्कों के नाम पर अपने खातों में ऑनलाइन पैसे ट्रांसफर करवा लेता था।
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया एक एंड्रॉइड मोबाइल फोन और सिम कार्ड जब्त किया है। मोबाइल की प्रारंभिक जांच में साइबर ठगी से जुड़े कई पुख्ता डिजिटल साक्ष्य और बैंकिंग लेन-देन के रिकॉर्ड मिले हैं। पुलिस अब आरोपी के बैंक खातों, मोबाइल डेटा और अन्य संपर्कों की गहनता से जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसने अब तक कितने लोगों को अपना शिकार बनाया है और इस ठगी के नेटवर्क में अन्य कौन-कौन शामिल हैं।
आरोपी शौकत खान को आज शुक्रवार दोपहर 12 बजे रामगढ़ न्यायालय में पेश किया गया, जहां से माननीय न्यायालय के आदेश पर उसे जेल (न्यायिक अभिरक्षा) भेज दिया गया है। मामले में अनुसंधान जारी है और जल्द ही अन्य बड़े खुलासे होने की संभावना है।


