राजगढ़ स्टेशन से लापता छात्र का 4 दिन बाद भी सुराग नहीं, आक्रोशित ग्रामीणों ने थाने पर दिया धरना
राजगढ़/अलवर (अनिल कुमार गुप्ता)। राजगढ़ थाना क्षेत्र के डोरोली गांव से लापता हुए एक 20 वर्षीय युवक का चार दिन बाद भी सुराग न मिलने से ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। पुलिस की कार्यप्रणाली और कथित लापरवाही से नाराज होकर बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने राजगढ़ थाने का घेराव कर धरना प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने बढ़ते अपराधों पर चिंता जताते हुए पुलिस प्रशासन से सख्ती बरतने की मांग की है।
लालसोट से घर लौटते समय स्टेशन से हुआ गायब
स्थानीय ग्रामीण छाजूराम गुर्जर व पुखराज गुर्जर ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि:
"डोरोली गांव का निवासी पवन मीना (20) पुत्र भैरुराम मीना लालसोट में रहकर पढ़ाई करता था। वह 17 जून की शाम को लालसोट से ट्रेन पकड़कर राजगढ़ स्टेशन पहुंचा था। लेकिन स्टेशन पर उतरने के बाद से ही वह रहस्यमयी परिस्थितियों में गायब है।"
परिजनों द्वारा काफी तलाश करने के बाद भी जब पवन का कोई अता-पत्ता नहीं चला, तो उसके पिता ने राजगढ़ थाने में गुमशुदगी का मामला दर्ज करवाया।
पुलिस पर लापरवाही का आरोप, रविवार सुबह तक का अल्टीमेटम
धरने पर बैठे पुखराज गुर्जर ने आरोप लगाया कि चार दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस की ओर से कोई ठोस आश्वासन या सफलता नहीं मिली है। क्षेत्र में युवाओं और बच्चों के साथ लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं को लेकर ग्रामीणों में गहरा रोष है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन को दोटूक चेतावनी दी है कि यदि रविवार सुबह तक पवन का कोई सुराग नहीं लगा, तो वे उग्र आंदोलन करने पर मजबूर होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी स्थानीय पुलिस और प्रशासन की होगी।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है पुलिस
इस पूरे मामले और ग्रामीणों के विरोध को देखते हुए राजगढ़ थाना पुलिस ने बताया कि छात्र की तलाश के लिए पुलिस की विभिन्न टीमें लगातार प्रयास कर रही हैं। रेलवे स्टेशन और उसके आसपास के रूट के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और जल्द ही युवक को सुरक्षित ढूंढ लिया जाएगा।


