पुलिस उपाधीक्षक कार्यालय मे निकला नाग रेस्क्यू कर वाटिका मे छोडा
राजगढ़ (अलवर/ अनिल गुप्ता) राजगढ़ कस्बे के औद्योगिक सड़क मार्ग के मध्य स्थित डीएसपी कार्यालय में अचानक एक विशालकाय सांप दिखाई देने से पुलिसकर्मियों व कार्मिकों में दहशत फैल गई। सांप कार्यालय परिसर में घूमता नजर आया, जिसके बाद तत्काल पालिकाकर्मी एवं सर्प रेस्क्यू विशेषज्ञ जुगनू तंबोली को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही जुगनू तंबोली अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। करीब आधे घंटे तक चले अभियान के दौरान टीम ने सावधानीपूर्वक लगभग आठ फुट लंबे सांप को पकड़ लिया। रेस्क्यू के दौरान पुलिसकर्मी व कार्मिक पूरे घटनाक्रम को देखते रहे। सांप को सुरक्षित रेस्क्यू करने के बाद टीम ने उसे उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ने के लिए माचाड़ी सड़क मार्ग स्थित लवकुश वाटिका में छोड़ दिया। समय रहते किए गए रेस्क्यू से कोई अप्रिय घटना नहीं हुई और पुलिसकर्मियों व कार्मिकों ने राहत की सांस ली।


