बायोसा माता मंदिर के पास बंद पड़े कुएं में मिला 55 साल के व्यक्ति का शव, क्षेत्र में सनसनी
तखतगढ़ (बरकत खान) कस्बे के बायोसा माता मंदिर के पास स्थित एक बंद पड़े कुएं में शनिवार शाम को एक 55 वर्षीय व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई। कुएं के बाहर मृतक के जूते और शर्ट पड़े हुए थे, जबकि कुएं पर लोहे की जाली लगी हुई थी। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने नगर पालिका के गोताखोरों की मदद से शव को बाहर निकालकर राजकीय अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है।
- ग्रामीणों ने दी पुलिस को सूचना
जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम करीब 6:00 बजे बायोसा माता मंदिर के पास से गुजर रहे ग्रामीणों की नजर कुएं के अंदर पड़ी, जहां एक शव तैरता हुआ दिखाई दिया। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना तखतगढ़ थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही हेड कांस्टेबल पदमाराम, भजनलाल, श्रवण कुमार जाखड़ और सांवलाराम दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे।
- गोताखोरों ने निकाला शव, प्रजापत के रूप में हुई पहचान
कुआं गहरा होने के कारण पुलिस ने नगर पालिका की टीम को सूचित किया। इसके बाद पालिका के गोताखोर संजय वाल्मीकि और विक्रम कुमार वाल्मीकि ने ग्रामीणों के सहयोग से कड़ी मशक्कत के बाद शव को कुएं से बाहर निकाला। मृतक की शिनाख्त बदारा गली निवासी जीताराम (55) पुत्र वरदाराम प्रजापत के रूप में की गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) की मोर्चरी भिजवाया।
- बंद पड़ा था कुआं, हर एंगल से जांच जारी
बताया जा रहा है कि यह कुआं नगर पालिका द्वारा पेयजल व्यवस्था के लिए बनवाया गया था, जो वर्तमान में बंद पड़ा था और सुरक्षा के लिहाज से इस पर लोहे की जाली भी लगी हुई थी। कुएं के ठीक बाहर जीताराम के जूते और शर्ट बरामद हुए हैं। जाली लगे कुएं में शव मिलने और बाहर कपड़े मिलने से मामला संदिग्ध नजर आ रहा है। पुलिस हादसे और अन्य सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की बारीकी से जांच कर रही है।


