देसूरी पुलिस ने 485 किलो डोडा पोस्त जब्त किया, तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार कार भी बरामद
पाली (बरकत खान) पाली जिले के देसूरी थाना पुलिस ओर जिला स्पेशल टीम - डीएसटी ने मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने एक काले रंग की स्कॉर्पियो से 485 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद किया। हालांकि, वाहन चालक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध काली स्कॉर्पियो तेज रफ्तार से क्षेत्र की ओर आ रही है। सूचना मिलते ही देसूरी थाना पुलिस ओर डीएसटी टीम ने वाहन का पीछा करना शुरू कर दिया पुलिस को पीछे आता देख चालक स्कॉर्पियो को नारलाई की ओर ले गया। लगातार पीछा किए जाने पर उसने नारलाई क्षेत्र में वाहन छोड़ दिया और अंधेरे का लाभ उठाकर मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने स्कॉर्पियो की तलाशी ली जिसमें 485 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त भरा मिला। पुलिस ने मादक पदार्थ और वाहन को जब्त कर लिया है। एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर फरार तस्कर की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
देसूरी थाना पुलिस मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध लगातार प्रभावी अभियान चला रही है। हाल के दिनों में पुलिस की लगातार हो रही कारवाइयों से तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस ने इससे पहले भी काले रंग की स्कॉर्पियो में तस्करी के क कई मामलों का खुलासा किया है।


