बंध बारैठा बांध में 26.60 फीट पानी; 50 गांव में अलर्ट, पशुओं को सुरक्षित स्थानों पर ले जाने की चेतावनी
वैर (भरतपुर/ कौशलेंद्र दत्तात्रेय) उपखंड बयाना क्षेत्र स्थित बंध बारैठा बांध के गेट कभी भी खोले जा सकते हैं। बांध की पानी भराब क्षमता 27 फीट है। इस समय बांध में 26.60 फीट पानी भरा हुआ है। अगर शनिवार को बयाना क्षेत्र या आस-पास के क्षेत्रों में बारिश होती है। तो आज ही बांध के गेट खोल दिए जाएंगे। मौसम विभाग की ओर से बारिश की चेतावनी के बाद प्रशासन ने बांध के आस-पास के क्षेत्रों में बसे 50 गांवों में अलर्ट जारी कर दिया है।
बांध में पानी भराव क्षमता 27 फीट
जलसंसाधन विभाग के सहायक अभियंता दशरथ सिंह ने बताया कि बांध में पानी की भराव क्षमता 27 फीट है।इस समय बांध में 26.60 फीट पानी भरा हुआ है। अगर शनिवार को बयाना क्षेत्र में या आस पास के क्षेत्रों में वर्षा होती है तो बांध के गेट खोले जाएंगे। हालांकि मौसम विभाग ने शनिवार को जिले में तेज बारिश की चेतावनी दी है। जलसंसाधन विभाग लगातार बांध की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
50 गांव में अलर्ट जारी
बांध के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जलसंसाधन विभाग ने कुकुन्द नदी सहित निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सावधानी बरतने की चेतावनी दी है। कुकुन्द नदी के बहाव क्षेत्र में करीब 50 गांव आते हैं। जिसमें नारौली, कोठीखेडा, सूपा, पुरावाई खेडा, माढापुरा, सादपुरा, नगला खटका, संतोकपुरा सहित कई गांवों में प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है।
पानी आने के बाद खोले जाएंगे बांध के गेट
जलसंसाधन विभाग ने लोगों से नदी -नालों से दूर रहने एवं पशुओं को सुरक्षित स्थानों पर ले जाने की अपील की है। क्यों कि जरुरत पड़ने पर बांध के गेट खोले जाएंगे। जिससे डाउनस्ट्रीम क्षेत्रों में जल प्रवाह बढ़ सकता है। ऐसे में संम्बन्धित क्षेत्रों के लोगों को सतर्क रहने और अफवाहों से बचते हुए केवल प्रशासनिक सूचनाओं पर ही भरोसा करने की सलाह दी गई है।

