हलैना: बालिकाओं ने पौधारोपण कर लिया 11-11 पेड़ लगाने का संकल्प
हलैना (विष्णु मित्तल)। निकटवर्ती गांव हंतरा में चौधरी शिक्षा संस्थान उच्च माध्यमिक स्कूल की ओर से पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह आयोजन 'पेड़ लगाओ जीवन बचाओ' तथा 'एक पेड़ गुरुजी व मां के नाम' अभियान के तहत संपन्न हुआ।
कार्यक्रम विजयपाल चौधरी, छतर सिंह चौधरी और हरभान सिंह के सानिध्य में आयोजित किया गया। इस अवसर पर वक्ताओं ने पेड़-पौधों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पेड़ ही धरती पर मौजूद समस्त प्राणी जगत और जीव-जंतुओं के सच्चे जीवनदाता हैं। पर्यावरण को संतुलित बनाए रखने के लिए हर व्यक्ति को अपने जीवन में पौधे अवश्य लगाने चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान बालिका संजना कुमारी, सेजल, मिताली, साक्षी, राखी और मेधा सहित अन्य छात्राओं ने उत्साहपूर्वक पौधे रोपे। बालिकाओं ने न केवल लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने की जिम्मेदारी ली, बल्कि भविष्य में 11-11 नए पेड़ लगाने का दृढ़ संकल्प भी व्यक्त किया।

