20 अगस्त को सीकर में होगी बावलिया बाबा की मूर्ति स्थापना; 19 को निकलेगी विशाल कलश व निशान यात्रा
उदयपुरवाटी / बुगाला (सुमेरसिंह राव) परमहंस पंडित गणेश नारायण बावलिया बाबा की मूर्ति स्थापना 20 अगस्त को सीकर में होगी। नवलकिशोर व आनंद कच्छावा ने बताया कि देव गैस एजेंसी के सामने बीहड़ वाले बालाजी मंदिर परिसर में होने वाला आयोजन करनी गोशाला पालवास धाम के संत चंद्रमा दास के सानिध्य में होगा।
महोत्सव के तहत 19 अगस्त को विशाल कलश व निशान यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा में गाजे-बाजे, शाही लवाजमा, ऊंट-घोड़े व डीजे शामिल होंगे। यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरेगी। 20 अगस्त को दोपहर 12:15 बजे धार्मिक मंत्रोच्चार के साथ बाबा की मूर्ति स्थापना होगी।
इसी शाम विशाल जागरण में चंचलनाथ टीला, झुंझुनूं के भजन गायक ओमनाथ व विचारनाथ भजनों की प्रस्तुति देंगे। मुंबई के फिल्मी कलाकार जुगल के. नायक बाबा की लीला का रंगमंच पर जीवंत चित्रण करेंगे। शोभायात्रा में बाबा की जीवंत झांकी भी निकाली जाएगी। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह है। आयोजकों ने बाबा के भक्तों से कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग की अपील की है।

