बड़ौदामेव में शिव-हनुमान मंदिर के 19वें स्थापना दिवस पर उमड़ा जनसैलाब, केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव और विधायक सुखवंत सिंह ने की शिरकत
बड़ौदा मेव (अलवर) अलवर-भरतपुर रोड स्थित अनाज मंडी परिसर में शनिवार को शिव-हनुमान मंदिर के 19वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में समस्त व्यापारियों के सहयोग से विशाल भंडारे एवं धार्मिक कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस दौरान सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा और हजारों लोगों ने कतारबद्ध होकर प्रसादी ग्रहण की।
मंडी के व्यापार संचालन समिति उपाध्यक्ष अरुण जैन ने बताया कि अनाज मंडी में स्थित शिव मंदिर की स्थापना को 19 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर यह विशाल भंडारा आयोजित किया गया। मंडी के सभी छोटे-बड़े व्यापारियों ने एकजुट होकर आयोजन को सफल बनाने में अपना विशेष योगदान दिया।
कार्यक्रम में दोपहर 1 बजे मुख्य अतिथि के रूप में अलवर सांसद व केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव पहुंचे। उनके साथ रामगढ़ विधायक सुखवंत सिंह भी उपस्थित रहे। अतिथियों ने मंदिर में माथा टेककर क्षेत्र में अमन-चैन और सुख-समृद्धि की प्रार्थना की। तत्पश्चात उन्होंने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए धार्मिक आयोजनों को सामाजिक सौहार्द का प्रतीक बताया।
धार्मिक अनुष्ठान में पूर्व विधायक राजेंद्र सिंह, प्रधान प्रतिनिधि गोपाल सिंह चौधरी, जिला पार्षद सरिता राज, जिला मंत्री कमल भादवा, बड़ौदा मेव भाजपा मंडल अध्यक्ष मगन लाल फौजी, गोविंदगढ़ मंडल अध्यक्ष योगेंद्र शर्मा, मंडी अध्यक्ष चिरंजी लाल चौधरी एवं पूर्व मंडल अध्यक्ष (कार्यक्रम संचालक) मुकेश मिश्रा सहित रामावतार चौधरी, राजेश जैन, देवाराम शर्मा, छोटेलाल, अशोक चौधरी, रामजीलाल मेघवाल, टीकाराम, यादराम चौधरी, जयसिंह गुर्जर, जगदीश गुर्जर, अशोक शर्मा, मंजू मीणा तथा कमल मीणा सहित मंडी के अनेक व्यापारी व ग्रामीण उपस्थित रहे।

