बाइक की टक्कर से कांवड़ खंडित, पुलिस की सूझबूझ से टला तनाव; वाहन से दोबारा गंगाजल लेने रवाना हुआ कांवड़िया
राजगढ़ (अलवर) अनिल गुप्ता
अलवर-माचाड़ी-मंडावर मार्ग पर स्थित डाबला गांव के पास एक तेज रफ्तार बाइक चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए पैदल जा रहे कांवड़िए को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में श्रद्धालु सड़क पर गिर पड़ा और उसकी पवित्र कांवड़ खंडित हो गई।
कहासुनी के बाद मौके पर पहुंची पुलिस
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंडावर निवासी मोनू सैनी पैदल कांवड़ लेकर आ रहा था। डाबला ग्राम के पास अनियंत्रित बाइक की टक्कर से कांवड़ खंडित होते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। देखते ही देखते सड़क पर लोगों का हुजूम जमा हो गया और बहस शुरू हो गई। स्थिति बिगड़ने की सूचना मिलते ही कोठीनारायणपुर पुलिस चौकी से पुलिस बल तुरंत मौके पर पहुंचा।
पुलिस की समझाइश से शांत हुआ मामला
मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने उग्र हो रहे लोगों को शांत कराया और समझाइश देकर माहौल को संभाला। विवाद को और बढ़ने से रोकने के लिए पुलिस की मौजूदगी में पीड़ित कांवड़िए मोनू सैनी को पुनः गंगाजल लाने के लिए एक अन्य वाहन से रवाना किया गया। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई और समझाइश से क्षेत्र में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में आ गई।

