अग्रसेन महिला महाविद्यालय खेरली में पौधारोपण व नशा मुक्त भारत अभियान आयोजित
खेरली (दिनेश लेखी) अग्रसेन महिला महाविद्यालय खेरली में राष्ट्रीय सेवा योजना के तत्वावधान में विभिन्न जन-जागरूकता एवं सामाजिक सरोकार से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान “एक युवा-एक पौधा” अभियान, नशा मुक्त भारत अभियान तथा साइकिल रैली का आयोजन किया गया। स्वयंसेवकों ने पर्यावरण संरक्षण, स्वस्थ जीवन और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया।
कार्यक्रम के प्रथम चरण में “एक युवा-एक पौधा” अभियान के तहत महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना की इकाइयों के कार्यक्रम अधिकारियों एवं स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ अग्रसेन शिक्षण संस्थान के अध्यक्ष अशोक गुप्ता, मंत्री अजीत गोयल, पूर्व मंत्री गोपेश गोयल, बीएड कॉलेज की प्राचार्य डॉ. अनुराधा लवानिया तथा पीजी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. बी.एल. उपाध्याय ने किया।
इस अवसर पर स्वयंसेवकों ने महाविद्यालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम अधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने स्वयंसेवकों को पौधे वितरित करते हुए अधिकाधिक पौधारोपण करने तथा लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दूसरे चरण में स्वयंसेवकों द्वारा साइकिल रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से नशा मुक्त भारत अभियान एवं तिरंगा रैली का संदेश दिया गया। स्वयंसेवकों ने साइकिल चलाकर “फिट इंडिया” और स्वस्थ जीवन का संदेश दिया तथा लोगों को नशे से दूर रहने के लिए जागरूक किया।
कार्यक्रम प्रभारी डॉ. नेहा गोयल ने संबोधित करते हुए नशे के दुष्प्रभावों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ-साथ उसके परिवार और सामाजिक जीवन को भी प्रभावित करता है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने तथा समाज को नशामुक्त बनाने के लिए सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम अधिकारी सौरभ अग्रवाल ने स्वयंसेवकों एवं प्रतिभागियों को नशे से दूर रहने, दूसरों को भी नशामुक्त जीवन के लिए प्रेरित करने तथा अंगदान के प्रति समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प दिलाया। कार्यक्रम में स्वयंसेवकों की सक्रिय भागीदारी रही। पूरे आयोजन के दौरान पर्यावरण संरक्षण, स्वस्थ जीवन, नशामुक्त समाज और सामाजिक उत्तरदायित्व का संदेश प्रमुखता से दिया गया।
इस अवसर पर मंगल सैनी, ओमवती देवी, रुपेश शर्मा, भूपचंद शर्मा, हेमलता गोयल, रेखा जैन, मोहन सिंह जाट, भागीरथ कुमार, नगेंद्र सिंह, जगदीश सैनी, राधेश्याम सैनी सहित महाविद्यालय का स्टाफ उपस्थित रहा।

