'बुलेट बाबा' स्थल पर गूंजे "भारत माता की जय" के नारे! वायुवीर के प्रथम गांव आगमन पर ग्रामीणों ने पहनाया साफा, बांटी मिठाई
आसिंद के लाल ने बढ़ाया मान: वायुसेना की कठिन ट्रेनिंग पूरी कर दौलतगढ़ लौटे अरुण पाल सिंह चुंडावत का भव्य स्वागत
गुरला (बद्री लाल माली)। देश सेवा का संकल्प लेकर भारतीय वायुसेना (IAF) में अपनी कठिन और अनुशासित ट्रेनिंग सफलतापूर्वक पूरी करने के बाद दौलतगढ़ निवासी अरुण पाल सिंह चुंडावत के प्रथम बार अपने पैतृक गांव पहुंचने पर समूचे क्षेत्र में गर्व, हर्ष और उत्साह का माहौल देखने को मिला।
'बुलेट बाबा' स्थल पर ढोल-नगाड़ों से अभिनंदन जवान अरुण पाल सिंह के आसिंद पहुंचने पर 'बुलेट बाबा' स्थान पर परिजनों, ग्रामीणों और युवाओं का हुजूम उमड़ पड़ा। ढोल-नगाड़ों की थाप और "भारत माता की जय" व "वंदे मातरम" के गगनभेदी नारों के बीच उनका जोरदार स्वागत किया गया। उपस्थित जनसमूह ने वायुवीर को फूल-मालाएं पहनाकर, साफा बांधकर और शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया।
पुष्पवर्षा के साथ निकाला गया जुलूस स्वागत स्थल से युवाओं की टोली द्वारा एक विशाल स्वागत जुलूस निकाला गया। देशभक्ति गीतों की स्वर लहरियों के बीच जुलूस के साथ जवान को उनके पैतृक निवास दौलतगढ़ तक ले जाया गया। पूरे रास्ते में ग्रामीणों ने छतों व सड़कों से पुष्पवर्षा कर लाल का अभिनंदन किया। घर पहुंचने पर परिजनों और ग्रामीणों ने मिठाई बांटकर खुशियां मनाईं और जवान के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
युवाओं के लिए बने प्रेरणा स्रोत समारोह के दौरान जीतेंद्र सिंह चुंडावत ने कहा कि अरुण पाल सिंह ने वायुसेना में शामिल होकर न केवल अपने माता-पिता और दौलतगढ़ गांव का नाम रोशन किया है, बल्कि पूरे क्षेत्र के युवाओं के लिए एक नई मिसाल पेश की है।
इस अवसर पर नवनिर्वाचित जवान अरुण पाल सिंह ने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा:
"देश सेवा सबसे बड़ा धर्म है। मैं हर भारतीय युवा से अपील करता हूं कि वे अपनी ऊर्जा को सही दिशा में लगाएं और देश की रक्षा व उत्थान के लिए आगे आएं।"
समारोह में ये रहे मौजूद स्वागत कार्यक्रम में जीतेंद्र सिंह चुंडावत, माहिर वर्धन सिंह राठौड़, विक्रम सिंह भाटी, शक्ति सिंह भाटी, गोविंद सिंह राठौड़, करमवीर सिंह राठौड़, जितेंद्र सिंह शेखावत, अजयराज सिंह चुंडावत, भानु प्रताप सिंह चुंडावत सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और युवा उपस्थित रहे।

