हलैना: एएसपी प्रेरणा शेखावत की अध्यक्षता में सीएलजी बैठक आयोजित, सुरक्षा व्यवस्था पर मंथन
हलैना थाने में एएसपी प्रेरणा शेखावत ने ली सीएलजी बैठक; आईजी डॉ. प्रीति चंद्रा ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से लिया सुरक्षा का जायजा
हलैना (विष्णु मित्तल)। भरतपुर रेंज आईजी डॉ. प्रीति चंद्रा एवं जिला पुलिस अधीक्षक राजेश मीणा के कुशल निर्देशन में हलैना थाना परिसर में सीएलजी (कम्युनिटी लाइजनिंग ग्रुप) सदस्यों की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता वैर एएसपी (अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक) प्रेरणा शेखावत ने की। बैठक में क्षेत्र के प्रमुख व्यापारियों, समाजसेवियों, मीडियाकर्मियों और आसपास के गांवों के सामाजिक-राजनीतिक कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
आईजी डॉ. प्रीति चंद्रा ने वीसी से लिया जायजा बैठक के दौरान भरतपुर रेंज की आईजी डॉ. प्रीति चंद्रा ने स्वयं वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (VC) के माध्यम से जुड़कर हलैना थाना क्षेत्र की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और सुरक्षा इंतज़ामों की गहन समीक्षा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
अपराध और अवैध कारोबार पर सख्त संदेश बैठक को संबोधित करते हुए भुसावर वृत्ताधिकारी (CO) नीरज शर्मा एवं हलैना थाना प्रभारी विजेंद्र सिंह ने आमजन से पुलिस प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में पनप रहे अवैध कारोबार, नशाखोरी और गैर-कानूनी गतिविधियों की जानकारी नागरिक निर्भीक होकर पुलिस को दें; सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी।
बैठक में यह गणमान्य लोग रहे मौजूद सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के इस मंथन कार्यक्रम में पूर्व जिला परिषद सदस्य इंदल सिंह जाट, पूर्व पंचायत समिति सदस्य राजवीर बेरी, अमर सिंह नेवाडा, सुदेश कुमार शर्मा, हरप्रसाद सिंह धरसोनी, पाली के नन्हा सरपंच, विष्णु मित्तल, देशराज निडर, पंचायत समिति सदस्य संजय गुप्ता, मनोज मीणा तथा सुरेश सिंह पीटीआई सहित बड़ी संख्या में सीएलजी सदस्य एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।

