यूजीसी रेगुलेशन-2026 के विरोध में दिल्ली कूच का आह्वान: लक्ष्मणगढ़ पहुंचे राज शेखावत, सवर्ण सांसदों के घेराव की दी चेतावनी
यूजीसी रेगुलेशन-2026 के विरोध में राज शेखावत का दिल्ली कूच का आह्वान; सवर्ण सांसदों के घेराव की दी चेतावनी
लक्ष्मणगढ़, अलवर (कमलेश जैन)। 'श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना' (क्षत्रिय करणी सेना) के राष्ट्रीय अध्यक्ष राज सिंह शेखावत मंगलवार को लक्ष्मणगढ़ पहुंचे। यहां यूजीसी (UGC) रेगुलेशन-2026 में बताई जा रही विसंगतियों के विरोध में आयोजित नुक्कड़ सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने आगामी 23 अगस्त को अधिक से अधिक संख्या में दिल्ली पहुंचने का आह्वान किया।
15 हजार किलोमीटर की जनजागरण वाहन यात्रा राज सिंह शेखावत ने बताया कि सवर्ण समाज के अधिकारों की रक्षा और यूजीसी रेगुलेशन के विरोध में 5 अगस्त से 15 हजार किलोमीटर की राष्ट्रव्यापी 'जनजागरण वाहन यात्रा' शुरू की गई है। यह यात्रा राजस्थान, मध्य प्रदेश, हरियाणा और उत्तर प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों से होकर गुजरेगी। यात्रा के दौरान जगह-जगह जनसंवाद, पंचायतें और प्रेस वार्ताएं आयोजित कर विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों को जागरूक किया जा रहा है।
सवर्ण सांसदों का होगा घेराव नुक्कड़ सभा के दौरान राज शेखावत ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि सवर्ण समाज से चुनकर संसद पहुंचे जिन सांसदों ने इस मुद्दे पर चुप्पी साध रखी है और समाज की आवाज नहीं उठाई, उनका पुरजोर घेराव किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि सवर्ण समाज अपने अधिकारों को लेकर किसी भी स्थिति में पीछे हटने वाला नहीं है।
23 अगस्त को दिल्ली में 'सवर्ण आक्रोश महापंचायत' उन्होंने बताया कि इस जनजागरण यात्रा का समापन 23 अगस्त को नई दिल्ली स्थित शाह ऑडिटोरियम में दोपहर 1:15 बजे आयोजित होने वाली 'यूजीसी रोलबैक सवर्ण आक्रोश महापंचायत' के साथ होगा। इस महापंचायत में देशभर से सवर्ण समाज के प्रतिनिधि, शिक्षाविद, विद्यार्थी और सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी भाग लेंगे।
सभामंच पर ये रहे मौजूद कार्यक्रम के दौरान भंवर सिंह भड़कोल, विक्रम सिंह नरूका लक्ष्मणगढ़, जतन सिंह, कृष्ण सिंह, पूरन सिंह, दशरथ सिंह, विक्की, राम सिंह नरूका, भंवर सिंह नरूका (लिली), दुष्यंत सिंह, घनश्याम शर्मा, आशुतोष शर्मा तथा एडवोकेट गोविंद खंडेलवाल सहित बड़ी संख्या में करणी सेना के कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

