देशभक्ति के रंग में रंगा मुंडावर महाविद्यालय: 'हर घर तिरंगा' अभियान के तहत निकाली रैली, छात्र-छात्राओं को दिया राष्ट्रसेवा का संदेश
मुंडावर (खैरथल-तिजारा) हीरालाल भूरानी
राजकीय महाविद्यालय मुंडावर में 'हर घर तिरंगा' अभियान के तहत एक विशेष कार्यशाला और भव्य 'तिरंगा रैली' का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रप्रेम, एकता और नागरिक कर्तव्यों की भावना को मजबूत करना रहा।
कार्यक्रम के दौरान NSS कार्यक्रम अधिकारी प्रो. नूरजमा खां ने छात्र-छात्राओं को 'हर घर तिरंगा' अभियान के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि यह अभियान हमारे राष्ट्रगीत 'वंदे मातरम्' और स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को समर्पित है। इससे देशवासियों में स्वतंत्रता, अखंडता और राष्ट्रभक्ति की अलख जगती है।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. योगेश कुमार शर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए राष्ट्रसेवा, अनुशासन और उच्च विचारों को अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि छात्र जीवन में देशभक्ति के संस्कार जीवन में सफलता की मजबूत नींव रखते हैं।
कार्यशाला के उपरांत महाविद्यालय परिसर से 'हर घर तिरंगा, हर मन तिरंगा' के गगनभेदी नारों के साथ एक विशाल तिरंगा रैली निकाली गई। रैली में छात्र-छात्राएं हाथों में राष्ट्रीय ध्वज थामे देशप्रेम के नारे लगाते हुए आगे बढ़े, जिससे पूरा माहौल देशभक्ति के रंग में रंग गया।
इस अवसर पर प्रो. ओम प्रकाश अलवरिया, दिनेश भूटानी, राहुल सहित महाविद्यालय के अन्य संकाय सदस्य और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।

