सिरोही के पीएम श्री बालिका विद्यालय में गूंजा 'हर घर तिरंगा': केंद्रीय संचार ब्यूरो ने कराई प्रश्नोत्तरी और जागरूकता रैली
सिरोही | रमेश सुथार
सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के केंद्रीय संचार ब्यूरो (क्षेत्रीय कार्यालय, सिरोही) द्वारा पीएम श्री राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, सिरोही में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत विविध जागरूकता कार्यक्रमों का सफल आयोजन किया गया। इस दौरान संगोष्ठी, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता और भव्य जागरूकता रैली के माध्यम से छात्राओं को राष्ट्रीय ध्वज के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन प्रधानाचार्य श्रीमती हीरा खत्री, स्काउट सीओ एम.आर. वर्मा, सेवानिवृत्त जिला शिक्षा अधिकारी गणपत सिंह देवड़ा, वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता भीख सिंह भाटी, उप प्रधानाचार्य श्रीमती सुमन, देवीलाल तथा व्याख्याता गोपाल सिंह राव के विशिष्ट आतिथ्य में संपन्न हुआ।
ध्वज संहिता और तिरंगे के सम्मान की दी जानकारी संगोष्ठी के मुख्य वक्ता गणपत सिंह देवड़ा ने छात्राओं को 'हर घर तिरंगा' अभियान के महत्व से अवगत कराया। स्काउट सीओ एम.आर. वर्मा ने अभियान के मूल उद्देश्यों तथा राष्ट्रीय ध्वज के प्रति नागरिकों के कर्तव्यों पर अपने विचार रखे। व्याख्याता गोपाल सिंह राव ने तिरंगे की बनावट, उसके रंगों के महत्व और 'भारतीय ध्वज संहिता' के तहत ध्वज फहराने के नियमों की विस्तृत जानकारी दी।
केंद्रीय संचार ब्यूरो, सिरोही के प्रभारी अधिकारी फूलचंद गहलोत ने सभी से अपने घरों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
प्रश्नोत्तरी के विजेताओं को मिले पुरस्कार, निकाली गई रैली कार्यक्रम के तहत विद्यार्थियों के लिए एक देशभक्ति प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता प्रतिभागियों को विभाग की ओर से पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के समापन पर पीएम श्री बालिका विद्यालय परिसर से स्काउट एवं गाइड कार्यालय तक 'हर घर तिरंगा' जागरूकता रैली निकाली गई, जिसमें छात्राओं ने हाथों में तिरंगा थामकर देशभक्ति के नारे लगाए।

