बांकली में ग्रामीण सेवा फॉलो-अप शिविर आयोजित, 23 पट्टे व प्रमाण पत्र किए वितरित
बांकली (पाली/ बरकत खान)। राज्य सरकार के निर्देशों के क्रम में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, बांकली में ग्रामीण सेवा फॉलो-अप शिविर का सफल आयोजन किया गया।
शिविर प्रभारी रफीक मोहम्मद ने जानकारी देते हुए बताया कि शिविर के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा मौके पर ही ग्रामीणों की समस्याओं का निस्तारण कर योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। शिविर में राजस्व विभाग को 2 परिवाद प्राप्त हुए।
- पट्टे व प्रमाण पत्र पाकर खिले ग्रामीणों के चेहरे
ग्राम पंचायत प्रशासन द्वारा शिविर में 23 आवासीय पट्टे, 4 जन्म प्रमाण पत्र, 1 मृत्यु प्रमाण पत्र तथा 2 विवाह पंजीयन प्रमाण पत्र मौके पर ही वितरित किए गए। वहीं राजस्व विभाग द्वारा 24 नामांतरण, आपसी सहमति से 1 विभाजन तथा 6 राजस्व खातों का शुद्धिकरण कर ग्रामीणों को राहत दी गई।
- चिकित्सा व स्वास्थ्य सेवाएँ
चिकित्सा विभाग द्वारा कुल 232 व्यक्तियों का उपचार व 214 लोगों की स्वास्थ्य स्क्रीनिंग की गई। 'प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान' एवं 'निक्षय मित्र पहल' के तहत दो जरूरतमंदों को पोषण किट भी वितरित किए गए। इसके अलावा, आयुर्वेद विभाग ने 27 रोगियों को औषधीय उपचार से लाभांवित किया।
- पशुपालन व पर्यावरण संरक्षण
पशुपालन विभाग की टीम ने 30 पशुओं का उपचार किया तथा 300 पशुओं को कृमिनाशक दवा पिलाई। पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए वन विभाग की ओर से 15 पौधे वितरित किए गए।
शिविर में प्रशासक तेजाराम देवासी, चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज कुमार, भू-अभिलेख निरीक्षक दशरथ सिंह, ग्राम विकास अधिकारी भरत सिंह परमार, पटवारी नरेन्द्र कुमार, कृषि पर्यवेक्षक करम चंद चौधरी, कनिष्ठ सहायक अचलाराम राठौड़, प्रशासकीय समिति सदस्य सद्दीक खान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

