श्री दादू पंच तीर्थ धाम दर्शन यात्रा का घाटडा पहुंचने पर पुष्प वर्षा से भव्य स्वागत
सकट (अलवर) श्री दादू पंच तीर्थ धाम दर्शन यात्रा के श्री दादू मंदिर सुंदर द्वारा घाटडा जिला अलवर पहुंचने पर श्रद्धालुओं और मंदिर प्रबंधन द्वारा जोरदार स्वागत किया गया। बसों द्वारा आयोजित यह पंच तीर्थ धाम यात्रा 8 अगस्त 2026 को घाटडा पहुंची, जहां मंदिर के महंत जय रामदास स्वामी द्वारा यात्रियों पर पुष्प वर्षा कर उनका भव्य स्वागत सत्कार किया गया।यात्रा के मंदिर पहुंचने पर श्री दादू मंदिर में विशेष भजन, सत्संग और महाआरती का आयोजन किया गया, जिसमें सभी यात्रियों और स्थानीय श्रद्धालुओं ने बड़े उत्साह के साथ भाग लिया। इसके पश्चात आयोजित धार्मिक सभा में महंत ने योगीराज सुंदर दास की जीवनी पर विस्तार से प्रकाश डाला और उनके आदर्शों को जीवन में उतारने की प्रेरणा दी।
इस पावन अवसर पर योगीराज सुंदर दास की तस्वीरें सभी यात्रियों को स्मृति स्वरूप भेंट की गईं।धार्मिक कार्यक्रमों के बाद सभी श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसादी (भंडारे) का आयोजन हुआ, जिसमें सभी ने पंगत में बैठकर प्रसाद ग्रहण किया। श्री दादू मंदिर सुंदर द्वारा की संपूर्ण व्यवस्था, देखरेख, सेवा और पूजा-अर्चना महंत जयराम दास द्वारा कुशलतापूर्वक की जा रही है, जिसके लिए यात्रा में शामिल सभी यात्रियों ने उनका हृदय से आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद दिया।

