भरतपुर में 'पंच गौरव कार्यक्रम' की समीक्षा 17 अगस्त को:जिला कलक्टर की अध्यक्षता में होगी बैठक
भरतपुर (कोश्लेंद्र दत्तात्रेय)। जिले में संचालित 'पंच गौरव कार्यक्रम' के प्रभावी क्रियान्वयन और निर्धारित लक्ष्यों की प्रगति को गति देने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। कार्यक्रम की जिला स्तरीय समीक्षा बैठक 17 अगस्त, सोमवार को प्रातः 10 बजे कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की जाएगी। बैठक की अध्यक्षता जिला कलक्टर कमर चौधरी करेंगे।
वित्तीय और भौतिक प्रगति का लिया जाएगा हिसाब
बैठक के दौरान पंच गौरव कार्यक्रम के तहत संचालित विभिन्न गतिविधियों, निर्माण कार्यों और योजनाओं की वित्तीय व भौतिक प्रगति की बिंदुवार एवं विस्तृत समीक्षा की जाएगी। जिला कलक्टर द्वारा संबंधित विभागीय अधिकारियों से अब तक स्वीकृत बजट, किए गए खर्चों और धरातल पर हुए कार्यों की वर्तमान स्थिति का ब्योरा लिया जाएगा।
आगामी कार्ययोजना पर होगी चर्चा
समीक्षा बैठक में निर्धारित लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित करने के साथ-साथ आगामी दिनों की कार्ययोजना पर भी विस्तार से चर्चा की जाएगी। जिला कलक्टर द्वारा सभी विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे, ताकि आमजन तक योजनाओं का समयबद्ध और पारदर्शी लाभ पहुंचाया जा सके।

