40 साल का अतिक्रमण खत्म, अब लहलहाएंगे 1000 पौधे': किशनगढ़बास PWD की बड़ी कार्रवाई; एक बीघा सरकारी जमीन मुक्त कराकर बिछाई हरियाली की चादर
खैरथल में PWD का बड़ा एक्शन: 40 साल पुरानी 1 बीघा अतिक्रमित जमीन कराई मुक्त, 1000 पौधे लगाकर पेश की पर्यावरण संरक्षण की मिसाल
खैरथल (हीरालाल भूरानी)। सार्वजनिक निर्माण विभाग (PWD) खंड किशनगढ़बास ने सरकारी संपत्ति की सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक ऐतिहासिक मिसाल पेश की है। विभाग ने लगभग 40 वर्षों (चार दशक) से अवैध कब्जे की चपेट में रही करीब एक बीघा सरकारी भूमि को तीन महीने की कड़ी मशक्कत और कानूनी प्रक्रिया के तहत अतिक्रमण मुक्त करा लिया है। जमीन को खाली कराने के तुरंत बाद विभाग ने इस पर 1000 पौधे रोपकर इसे एक सुंदर 'ग्रीन जोन' के रूप में विकसित करने का संकल्प लिया है।
3 महीने के कानूनी संघर्ष और समन्वय के बाद मिली सफलता
यह पूरी कार्रवाई अधीक्षण अभियंता ओमप्रकाश किराड़ के कुशल निर्देशन में अंजाम दी गई। उनके मार्गदर्शन में अधिशासी अभियंता आदेश कुमार यादव एवं सहायक अभियंता विजय पाल यादव की टीम ने आवश्यक कानूनी प्रक्रियाएं पूरी कीं और स्थानीय प्रशासन के सहयोग से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की।
अधिकारियों ने बताया कि लंबे समय से काबिज भू-माफियाओं और अवैध कब्जाधारियों से इस जमीन को छुड़ाना एक बड़ी चुनौती थी, जिसे विभाग ने निर्धारित प्रशासनिक प्रक्रियाओं का पालन करते हुए सफलतापूर्वक पूरा किया।
PWD के पूरे स्टाफ ने मिलकर रोपे 1000 पौधे
सरकारी जमीन को भविष्य में पुनः अतिक्रमण की चपेट में आने से बचाने और इसका जनहित में बेहतर उपयोग सुनिश्चित करने के लिए PWD खंड किशनगढ़बास के समस्त अधिकारियों और कर्मचारियों ने मिलकर एक विशाल पौधारोपण अभियान चलाया। इस दौरान खाली कराई गई भूमि पर करीब 1000 पौधे लगाए गए।
नियमित देखभाल से बनेगा 'ग्रीन पार्क'
विभाग की ओर से यह भी स्पष्ट किया गया है कि रोपे गए सभी 1000 पौधों की नियमित देखभाल, सिंचाई और सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था की जाएगी। आने वाले समय में यह एक सुंदर और विकसित हरित क्षेत्र के रूप में तब्दील होगा। चार दशक पुराने कब्जे को हटाकर उसे हरित क्षेत्र में बदलना सरकारी संपत्ति के संरक्षण और पर्यावरण संवर्धन की दिशा में एक अनुकरणीय पहल मानी जा रही है।

