नगर पालिका चुनाव के बाद तखतगढ़ का सियासी पारा गर्म; आधी रात बाड़ेबंदी में पहुंची पुलिस, वीडियो वायरल होने पर राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप तेज
तखतगढ़,बरकत खा
तखतगढ़ की राजनीति में नगर पालिका अध्यक्ष चुनाव के बाद एक नया और बड़ा विवाद गहरा गया है। सोशल मीडिया और स्थानीय व्हाट्सएप ग्रुपों में एक वीडियो तेजी से प्रसारित हो रहा है, जिसने क्षेत्र के सियासी गलियारों में हड़कंप मचा दिया है। वीडियो में दावा किया जा रहा है कि आधी रात को पुलिस की टीम उस स्थान पर पहुंची, जहां कांग्रेस प्रत्याशी सरोज मेवाड़ा और अन्य पार्षद बाड़ेबंदी में ठहरे हुए थे। इस घटनाक्रम के सामने आते ही राजनीतिक दलों के बीच तीखी बयानबाजी शुरू हो गई है।
सीमा लांघकर नींद से जगाने का आरोप
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, यह घटना सिरोही जिले के पौसालिया स्थित 'सुखधाम' की है। कांग्रेस पार्षद अनराज मेवाड़ा ने आरोप लगाया है कि तखतगढ़ पुलिस ने पाली जिले की सीमा लांघकर सिरोही में प्रवेश किया और निर्वाचित प्रतिनिधियों को आधी रात को नींद से जगाकर पूछताछ की। कांग्रेस का सीधा आरोप है कि यह कार्रवाई पार्षदों पर मानसिक दबाव बनाने और उन्हें डराने-धमकाने के उद्देश्य से की गई थी। इस घटना ने पुलिस की कार्यप्रणाली और प्रशासनिक निष्पक्षता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
कांग्रेस ने उठाए कड़े सवाल
वायरल वीडियो के सामने आने के बाद कांग्रेस ने कड़ा रुख अपनाया है। पार्टी नेताओं का कहना है कि क्या पुलिस के पास दूसरे जिले की सीमा में जाकर इस तरह की कार्रवाई करने का कोई कानूनी आधार था? क्या इस प्रक्रिया में तय नियमों का पालन किया गया? स्थानीय राजनीति में पुलिस के इस तरह के सीधे हस्तक्षेप से चुनावी माहौल बेहद तनावपूर्ण हो गया है।
थाना प्रभारी ने जताई अनभिज्ञता
इस पूरे मामले पर जब तखतगढ़ थाना प्रभारी शैतानसिंह से बात की गई तो उन्होंने अनभिज्ञता जाहिर की। उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्हें इस वायरल वीडियो और मौके पर हुई किसी भी तरह की कार्रवाई की आधिकारिक जानकारी नहीं है। पुलिस प्रशासन की ओर से अब तक कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण न आने के कारण यह मामला रहस्य बना हुआ है कि टीम किस सूचना पर वहां पहुंची थी और कार्रवाई का वास्तविक उद्देश्य क्या था।
राजस्थान में स्थानीय निकाय चुनावों के दौरान बाड़ेबंदी और पुलिस की भूमिका पर पहले भी सवाल उठते रहे हैं, लेकिन तखतगढ़ का यह ताजा मामला अब एक बड़ी राजनीतिक बहस का रूप ले चुका है।

