तखतगढ़ में प्रांतीय गणित मेले का भव्य आगाज: 13 जिलों के 307 बाल गणितज्ञ दिखाएंगे अपनी प्रतिभा
रायगांधी आदर्श विद्या मंदिर में विद्या भारती जोधपुर प्रांत का 'प्रांतीय गणित मेला' शुरू; 13 जिलों के 307 प्रतिभागी ले रहे हैं हिस्सा
तखतगढ़ (बरकत खा)
तखतगढ़ स्थित गोगरा रोड पर संचालित रायगांधी आदर्श विद्या मंदिर में विद्या भारती शिक्षा संस्थान, जोधपुर प्रांत के तत्त्वावधान में तीन दिवसीय प्रांतीय गणित मेले का गरिमामय माहौल में शुभारंभ हुआ। उद्घाटन सत्र में अतिथियों द्वारा मां शारदे, 'ॐ' और मां भारती के चित्रों के समक्ष दीप प्रज्वलित कर तथा सरस्वती वंदना के साथ कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत की गई।
वरिष्ठ पदाधिकारियों और विशेषज्ञों की रही उपस्थिति
समारोह में प्रांत प्रतिनिधि एवं जिला सचिव (पाली) चंदन सिंह राजपुरोहित, वैदिक गणित प्रांत प्रमुख भगीरथ विश्वकर्मा, विदर्भ प्रांत की गणित प्रमुख शेफाली जोशी, स्थानीय प्रबंध समिति के उपाध्यक्ष प्रभुराम राठौड़, संरक्षक गणेशराम कुमावत, जवानमल माली तथा आदर्श शिक्षा संस्थान (बाली) के जिला सचिव सुरेश कुमार मालवीय सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
हनुमान चालीसा और प्राचीन भारतीय काल-गणना का दिया उदाहरण
समारोह के मुख्य वक्ता चंदन सिंह राजपुरोहित ने भाग लेने आए सभी बाल गणितज्ञों को शुभकामनाएं दीं। अपने संबोधन में उन्होंने भारत की समृद्ध गणितीय परंपरा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्राचीन भारतीय मनीषियों ने काल-गणना का जो सटीक ढांचा तैयार किया था, वह अद्वितीय है। उन्होंने हनुमान चालीसा की चौपाइयों का संदर्भ देते हुए बताया कि किस प्रकार भारतीय ग्रंथों में पृथ्वी से सूर्य की दूरी का सटीक विवरण सदियों पहले ही दे दिया गया था। इसके साथ ही उन्होंने गणित मेले के नियमों, अभिव्यक्ति शैली और विभिन्न गणितीय प्रदर्शों (Models) के बारे में प्रतिभागियों को विस्तार से जानकारी दी।
13 जिलों से पहुंचे 307 प्रतिभागी
इस प्रांतीय मेले में विद्या भारती जोधपुर प्रांत के 13 जिलों के लगभग 307 भैया-बहन (छात्र-छात्राएं) अपनी गणितीय प्रतिभा, मॉडल और नवाचारों का प्रदर्शन कर रहे हैं।
उद्घाटन सत्र के अंत में रायगांधी उच्च माध्यमिक विद्यालय के प्रधानाचार्य इंदर सिंह राठौड़ ने उपस्थित सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम का कुशल मंच संचालन रायगांधी उच्च प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाचार्य हरिराम जोगसन ने किया। इस अवसर पर विद्यालय के समस्त आचार्य बंधु एवं भगिनियां उपस्थित रहीं।

