खेरली मंडी में नवगठित तालुका विधिक सेवा समिति का सचिव ने किया निरीक्षण,आमजन तक निःशुल्क विधिक सहायता और अधिकारों की जानकारी पहुंचाने पर दिया जोर
खेरली मंडी (दिनेश लेखी)।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अलवर के सचिव एवं अपर जिला न्यायाधीश (ADJ) मोहनलाल सोनी ने नवगठित तालुका विधिक सेवा समिति खेरली मंडी का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने समिति के कार्यालयीन कामकाज एवं विधिक सेवा गतिविधियों का सूक्ष्मता से अवलोकन किया तथा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्यों को निष्पादित करने के निर्देश दिए।
निःशुल्क विधिक सहायता एवं जागरूकता पर विशेष जोर
निरीक्षण के दौरान एडीजे मोहनलाल सोनी ने कहा कि विधिक सेवा प्राधिकरण का मुख्य ध्येय समाज के गरीब, वंचित एवं जरूरतमंद तबके तक निःशुल्क विधिक सहायता पहुंचाना है। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि:
-
ग्रामीण क्षेत्रों में शिविर: दूर-दराज के ग्रामीण इलाकों में नियमित रूप से विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किए जाएं।
-
सरल भाषा में जानकारी: आमजन को उनके मौलिक अधिकारों, लोक अदालत, मध्यस्थता, पीड़ित प्रतिकर योजना एवं निःशुल्क कानूनी सहायता के बारे में आसान भाषा में जानकारी दी जाए।
अधिवक्ता संघ के साथ संवाद और सहभागिता का आह्वान
निरीक्षण के पश्चात जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव ने अधिवक्ता संघ खेरली मंडी के वकीलों के साथ संवाद कार्यक्रम में भाग लिया। उन्होंने कहा कि न्याय प्रणाली में अधिवक्ताओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। अधिवक्ताओं की सक्रिय भागीदारी से समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय की पहुंच सुनिश्चित की जा सकती है।
समारोह में न्यायिक अधिकारी व अधिवक्ता रहे मौजूद
इस अवसर पर तालुका विधिक सेवा समिति के अध्यक्ष एवं सिविल न्यायाधीश राजीव जिंदल, बार एसोसिएशन अध्यक्ष देवेंद्र सिंह नरुका, रीडर बालस्वरूप चौधरी, राकेश कुमार शर्मा, जितेंद्र गर्ग, ओमप्रकाश जेमन, समिति सचिव लोकेश शर्मा, पैरालीगल स्वयंसेवक (PLV) दीपक कुमार मीना सहित अधिवक्ता संघ के सभी सदस्य एवं विभागीय कर्मचारी उपस्थित रहे।

