तखतगढ़ में 'स्वच्छता ही सेवा' के तहत महासफाई अभियान: चेयरमैन व ईओ ने खुद कचरा उठाकर दिया स्वच्छता का संदेश
तखतगढ़ (बरकत खान) 'स्वच्छता ही सेवा 2026' अभियान के अंतर्गत नगर पालिका तखतगढ़ द्वारा कस्बे के ऐतिहासिक गवाई तालाब परिसर में 'स्वच्छ पर्यटन स्थल' थीम पर एक दिवसीय महासफाई एवं श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किया गया। अभियान के तहत पालिका अध्यक्ष (चेयरमैन) जयश्री नामा एवं अधिशासी अधिकारी (ईओ) महेंद्र बंजारा ने खुद अपने हाथों से कूड़ा-कचरा उठाकर डस्टबिन में डाला और आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।
- 'एक दिन, एक घंटा, एक साथ' चला श्रमदान
कार्यक्रम के दौरान 'एक दिन, एक घंटा, एक साथ' आह्वान के तहत जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और सफाई कार्मिकों ने मिलकर तालाब एवं आसपास के जल स्रोतों के आस-पास व्यापक स्तर पर सफाई की। तालाब परिसर को हरा-भरा और सुंदर बनाने के उद्देश्य से 'एक पेड़ मां के नाम' पहल के तहत पौधारोपण भी किया गया, साथ ही इन पौधों की नियमित देखभाल का संकल्प लिया गया।
- 157 घंटे चलेगा विशेष सफाई अभियान
इस अवसर पर पालिका अध्यक्ष जयश्री नामा ने कहा कि स्वच्छता केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि हम सभी का सामूहिक संकल्प है। शहर को स्वच्छ, स्वस्थ और सुंदर बनाए रखना हर नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि इस 157 घंटे के निरंतर चलने वाले विशेष अभियान के दौरान कस्बे के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों, नालियों, पर्यटन स्थलों और सरकारी परिसरों की गहन सफाई सुनिश्चित की जाएगी।
श्रमदान कार्यक्रम में पार्षद महेश रावल, पेमाराम कुमावत, मनोज नामा, रतन सांखला, आकाश त्रिवेदी, गोपाल चौहान, चंद्रवीर सिंह, मुकेश माली, विनीता, मुकेश सुथार, जमादार सहित नगर पालिका का समस्त स्टाफ एवं सफाई कार्मिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

