विश्व मुख स्वास्थ्य दिवस 2026: "स्वस्थ मुख, सुखी जीवन" के संकल्प के साथ तीन वर्षीय अभियान का शानदार समापन
तखतगढ़: (बरकत खान) 20 मार्च को पूरी दुनिया में 'विश्व मुख स्वास्थ्य दिवस' मनाया गया।वर्ष 2024 से शुरू हुए तीन वर्षीय वैश्विक जागरूकता अभियान का यह अंतिम और सबसे महत्वपूर्ण चरण है सीएचसी प्रभारी डॉ सुरेश कुमार ने बताया कि WOHD सप्ताह 2026 के उपलक्ष्य में राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तखतगढ़ के दंत विभाग में 20 से 26 मार्च तक विश्व मुख स्वास्थ्य दिवस कैंप का आयोजन होगा।
दंत चिकित्सा अधिकारी डॉ विक्रम सिंह ने बताया कि इस वर्ष की थीम “स्वस्थ मुख, सुखी जीवन” रखी गई है, जो इस बात पर जोर देती है कि जीवन के हर पड़ाव पर—चाहे वह बचपन हो या बुढ़ापा—एक स्वस्थ मुस्कान ही खुशहाल जीवन की नींव है।
उन्होंने कहा कि आधुनिक जीवनशैली और फास्ट फूड के अधिक सेवन से दंत रोगियों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। दांतों की सफाई में लापरवाही न केवल मुंह की बीमारियों, बल्कि हृदय रोग, डायबिटीज और किडनी जैसी गंभीर समस्याओं का कारण भी बन सकती है।
मसूड़ों से खून आना, मुंह से बदबू और पायरिया जैसे लक्षणों को नजरअंदाज करना पूरे शरीर के स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकता है।
स्वस्थ मुख के लिए विशेष सुझाव:
- नियमित सफाई: दिन में दो बार (सुबह और रात को सोते समय) कम से कम 2-3 मिनट तक ब्रश अवश्य करें।
- ब्रश का चुनाव: हमेशा 'सुपर सॉफ्ट' ब्रश का प्रयोग करें और ब्रश करते समय दांतों पर अधिक दबाव न डालें।
- ब्रश करने के बाद उसे अच्छी तरह साफ करें और घर के अन्य सदस्यों के ब्रश से अलग रखें।
- स्वस्थ खान-पान: मीठे, चिपचिपे और तंबाकू उत्पादों से दूर रहें। अपनी डाइट में हरी सब्जियां, फल, गाजर और दूध को शामिल करें।
- नियमित जांच: हर 6 माह में दंत चिकित्सक से जांच जरूर कराएं।
याद रखें: स्वस्थ रहना और अच्छा महसूस करना हर उम्र में एक स्वस्थ मुस्कान से ही शुरू होता है। आइए, इस 'विश्व मुख स्वास्थ्य दिवस' पर हम सब अपने और अपने परिवार के मुख स्वास्थ्य के प्रति सचेत रहने का संकल्प लें।