बाल अधिकार, साइबर अपराध और सामाजिक कुरीतियों के प्रति विद्यार्थियों को किया जागरूक,600 विद्यार्थियों ने लिया भाग

Oct 6, 2026 - 17:27
 0
बाल अधिकार, साइबर अपराध और सामाजिक कुरीतियों के प्रति विद्यार्थियों को किया जागरूक,600 विद्यार्थियों ने लिया भाग

खेरली/ दिनेश लेखी।

 तालुका विधिक सेवा समिति कठूमर के तत्वावधान में अध्यक्ष एवं अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश कठूमर उदय सिंह अलोरिया के निर्देशानुसार महात्मा ज्योतिबा फुले विद्यालय, खेरली में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विद्यार्थियों को बाल अधिकार, साइबर अपराध, बाल विवाह, मृत्यु भोज सहित विभिन्न सामाजिक कुरीतियों तथा विधिक सेवाओं और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
शिविर के दौरान पैरा लीगल वॉलंटियर वीरेंद्र कुमार नूंगरवार ने नालसा की बच्चों के लिए बाल कानूनी योजना-2024 के तहत बालकों के अधिकारों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने, अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, अपनी व्यक्तिगत एवं गोपनीय जानकारी किसी अज्ञात व्यक्ति के साथ साझा नहीं करने तथा ऑनलाइन ठगी से बचने के लिए सावधानी बरतने की जानकारी दी।
उन्होंने विद्यार्थियों को सामाजिक कुरीतियों के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए कहा कि मृत्यु भोज एवं बाल विवाह जैसी कुरीतियां समाज में गलत संदेश देती हैं। बाल विवाह से बच्चों, विशेषकर बालिकाओं के शारीरिक एवं मानसिक विकास पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। उन्होंने बाल विवाह निषेध एवं रोकथाम अधिनियम के प्रावधानों की जानकारी देते हुए बाल विवाह को रोकने में समाज और युवाओं की भूमिका पर भी प्रकाश डाला।


शिविर में राज्य एवं केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के साथ-साथ विधिक सेवा प्राधिकरण की योजनाओं के बारे में भी जानकारी प्रदान की गई। विद्यार्थियों को पीड़ित प्रतिकर योजना, नि:शुल्क विधिक सहायता योजना, मध्यस्थता एवं लोक अदालत के माध्यम से विवादों के समाधान की प्रक्रिया के बारे में बताया गया। साथ ही जरूरतमंद लोगों को उपलब्ध कानूनी सहायता के बारे में भी जागरूक किया गया।
तालुका विधिक सेवा समिति सचिव एवं न्यायालय अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश कठूमर रुचि शर्मा ने बताया कि विधिक जागरूकता शिविरों का उद्देश्य आमजन एवं विद्यार्थियों को उनके कानूनी अधिकारों, कर्तव्यों और उपलब्ध विधिक सेवाओं के प्रति जागरूक करना है, ताकि जरूरतमंद व्यक्ति समय पर अपने अधिकारों की जानकारी प्राप्त कर उचित कानूनी सहायता हासिल कर सकें।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य नंदराम सैनी सहित विद्यालय के करीब 600 विद्यार्थी उपस्थित रहे। शिविर के दौरान विद्यार्थियों ने विधिक विषयों से संबंधित जानकारी प्राप्त की और विभिन्न सामाजिक एवं साइबर अपराधों से बचाव के उपायों को समझा।

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

एक्सप्रेस न्यूज़ डेस्क बुलंद आवाज के साथ निष्पक्ष व निर्भीक खबरे... आपको न्याय दिलाने के लिए आपकी आवाज बनेगी कलम की धार... आप भी अपने आस-पास घटित कोई भी सामाजिक घटना, राजनीतिक खबर हमे हमारी ई मेल आईडी [email protected] या वाट्सएप न 8094612000 पर भेज सकते है हम हर सम्भव प्रयास करेंगे आपकी खबर हमारे न्यूज पोर्टल पर साझा करें। हमारे चैनल GEXPRESSNEWS से जुड़े रहने के लिए धन्यवाद................