खैरथल-तिजारा जिले में कृषि विभाग की बड़ी कार्रवाई: 13.18 मीट्रिक टन अवैध यूरिया से भरा मिनी ट्रक जब्त, चालक फरार
खैरथल (हीरालाल भूरानी)
भिवाड़ी फेज तृतीय थाना क्षेत्र में पुलिस और कृषि विभाग की संयुक्त मुस्तैदी से अवैध रूप से ले जाए जा रहे यूरिया का बड़ा खेल पकड़ा गया है। पुलिस द्वारा संदिग्ध मिनी ट्रक पकड़े जाने की सूचना पर सक्रिय हुई कृषि विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की और वाहन से 13.18 मीट्रिक टन संदिग्ध नीम कोटेड यूरिया जब्त किया है।
बिना मार्का के मिले 300 बैग, चालक मौके से फरार
सहायक निदेशक कृषि किशनगढ़बास विश्राम मीणा ने बताया कि भिवाड़ी फेज-3 थाने में पकड़े गए मिनी ट्रक (संख्या HR 55 AH 1268) की जांच करने पर उसमें बिना किसी मार्का के संदिग्ध नीम कोटेड यूरिया के 300 बैग (कुल 13.18 मीट्रिक टन) बरामद हुए। पूछताछ में थानाधिकारी ने बताया कि वाहन चालक मौके से फरार हो गया है और वाहन व माल से जुड़ा कोई भी वैध दस्तावेज पेश नहीं किया जा सका।
नमूने लेकर ततारपुर समिति को सुपुर्द किया गया माल
कार्रवाई के दौरान कृषि अधिकारियों ने मौके से संदिग्ध उर्वरक के नमूने (सैंपल) संग्रहित किए। इसके बाद जब्ती की कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए बिना मार्का के सभी 300 कट्टे सुरक्षित अभिरक्षा के लिए ग्राम सेवा सहकारी समिति ततारपुर को सौंप दिए गए, जबकि मिनी ट्रक को भिवाड़ी फेज-3 थानाधिकारी विक्रम सिंह की सुपुर्दगी में दे दिया गया।
वाहन मालिक के खिलाफ मुकदमा दर्ज
कृषि विभाग द्वारा वाहन मालिक जयपाल (पुत्र कंवर पाल, निवासी धारूहेड़ा, रेवाड़ी, हरियाणा) के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 की धारा 3/7 और उर्वरक नियंत्रण आदेश (FCO) 1985 के विभिन्न प्रावधानों का उल्लंघन करने पर पुलिस थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अवैध और अनधिकृत उर्वरक के परिवहन व बिक्री पर आगे भी कड़ी निगरानी रखी जाएगी और सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

