अलवर में 'नो पीयूसीसी-नो फ्यूल' अभियान का सख्त असर: बिना प्रदूषण सर्टिफिकेट नहीं मिलेगा पेट्रोल-डीजल, अब तक 456 चालान कट चुके
अलवर (राजस्थान)
वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) के दिशा-निर्देशों की पालना और पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए अलवर जिले में बिना वैध प्रदूषण नियंत्रण सर्टिफिकेट (PUCC) वाले वाहनों के खिलाफ परिवहन विभाग ने शिकंजा कस दिया है। जिलेभर में चलाए जा रहे ‘नो पीयूसीसी-नो फ्यूल’ अभियान के तहत बिना प्रदूषण प्रमाण-पत्र वाले वाहनों को पेट्रोल पंपों से ईंधन नहीं दिया जा रहा है। विभाग की ओर से इस अभियान के तहत अब तक कुल 456 वाहनों के चालान बनाए जा चुके हैं।
पेट्रोल पंपों पर सघन जांच, 27 गाड़ियों के काटे चालान: जिला परिवहन अधिकारी सविता भारद्वाज के निर्देशानुसार परिवहन विभाग की विशेष टीमों ने अलवर शहर और राजगढ़ क्षेत्र के विभिन्न पेट्रोल पंपों पर अचानक पहुंचकर जांच अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान मोटर वाहन निरीक्षक अल्का ओझा ने अलवर शहर में तथा मोटर वाहन निरीक्षक अमर सिंह मीना ने राजगढ़ क्षेत्र में पेट्रोल पंपों पर पहुंचकर गाड़ियों के दस्तावेजों की बारीकी से जांच की। जांच में वैध पीयूसीसी नहीं पाए जाने पर मौके पर ही 27 वाहनों के चालान काटे गए और चालकों को बिना पेट्रोल-डीजल दिए पंपों से वापस लौटा दिया गया।
जागरूकता के लिए पेट्रोल पंपों पर लगे बैनर: अभियान के प्रति आमजन को जागरूक करने के लिए जिले के प्रमुख पेट्रोल पंपों पर विशेष जागरूकता बैनर लगाए गए हैं। बैनरों के माध्यम से वाहन चालकों को अवगत कराया जा रहा है कि अपने वाहनों का अद्यतन (अपडेटेड) प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण-पत्र साथ रखना अनिवार्य है।
आगे भी जारी रहेगी सख्त कार्रवाई: जिला परिवहन अधिकारी सविता भारद्वाज ने बताया कि पर्यावरण संरक्षण और वाहनों से होने वाले जहरीले धुएं पर रोक लगाने के लिए यह कार्रवाई बेहद जरूरी है। उन्होंने सभी वाहन मालिकों से अपील की है कि वे समय पर अपने वाहनों की प्रदूषण जांच करवाकर वैध प्रमाण-पत्र अवश्य बनवाएं। विभाग द्वारा आने वाले दिनों में भी जांच और चालान की कार्रवाई इसी तरह मुस्तैदी से जारी रहेगी।

