चौरीचौरा में गूंजे जीत के नारे: लगातार चौथी बार MLC बने ध्रुव त्रिपाठी:चौरीचौरा के शिक्षकों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने जताई खुशी
चौरीचौरा (गोरखपुर) शशि जायसवाल
गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक विधान परिषद (MLC) सीट पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रत्याशी ध्रुव कुमार त्रिपाठी की शानदार जीत की खबर मिलते ही चौरीचौरा क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। लगातार चौथी बार विधान परिषद सदस्य निर्वाचित होने और 307 मतों के अंतर से मिली इस सफलता पर भाजपा कार्यकर्ताओं और शिक्षकों ने एक-दूसरे को बधाई दी तथा मिठाई बांटकर जीत का जश्न मनाया।
गंगा प्रसाद स्मारक इंटर कॉलेज में शिक्षकों को बांटी मिठाई: जीत की औपचारिक घोषणा के बाद भाजपा कार्यकर्ता और ध्रुव त्रिपाठी के समर्थक गंगा प्रसाद स्मारक इंटर कॉलेज पहुंचे। वहां उन्होंने उपस्थित शिक्षकों के बीच मिठाइयां बांटी और खुशियां साझा कीं। कार्यकर्ताओं ने कहा कि यह जीत शिक्षक समाज का ध्रुव कुमार त्रिपाठी के प्रति अटूट विश्वास और लंबे समय से चले आ रहे निरंतर समर्थन का प्रत्यक्ष प्रमाण है।
समर्थकों और शिक्षकों में दिखा खासा उत्साह: चौरीचौरा क्षेत्र में ध्रुव कुमार त्रिपाठी को हमेशा से ही शिक्षकों का व्यापक समर्थन मिलता रहा है। चुनाव परिणाम आने के बाद से ही क्षेत्र में जश्न का माहौल बन गया और बधाई देने वालों का तांता लग गया। समर्थकों ने इस जीत को शिक्षक हित की जीत करार दिया।
कड़े मुकाबले के बीच दर्ज की चौथी जीत: उल्लेखनीय है कि गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक एमएलसी सीट पर हुई मतगणना बेहद कशमकश भरी रही। अंतिम नतीजों में भाजपा प्रत्याशी ध्रुव कुमार त्रिपाठी ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी निर्दलीय उम्मीदवार राजीव यादव को 307 वोटों से शिकस्त दी। हालांकि, विपक्षी प्रत्याशी की ओर से मतगणना प्रक्रिया पर सवाल खड़े किए गए हैं, लेकिन चौरीचौरा क्षेत्र में भाजपा समर्थकों और शिक्षकों के बीच इस जीत को लेकर जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है।

