CBSE 12वीं का परिणाम घोषित: पाली में छाई खुशियां, ड्राइवर के बेटे ने लहराया परचम
जोजावर/पाली | केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने सोमवार को 12वीं कक्षा के परीक्षा परिणाम घोषित कर दिए हैं। बोर्ड के इतिहास में यह पहली बार हुआ है जब 10वीं के परिणाम (15 अप्रैल) के बाद 12वीं का रिजल्ट जारी किया गया। परिणाम आते ही पाली जिले के छात्र-छात्राओं और उनके अभिभावकों के चेहरों पर चमक बिखर गई। कहीं मिठाइयां बांटी गईं, तो कहीं ढोल-नगाड़ों के साथ सफलता का जश्न मनाया गया।
नवोदय के त्रिपालसिंह ने किया कमाल, पिता हैं बस ड्राइवर
जालोर जिले के भीनमाल (पांचपादरा) निवासी और जोजावर नवोदय विद्यालय के छात्र त्रिपालसिंह ने आर्ट्स संकाय में 94.20% अंक प्राप्त कर विद्यालय और परिवार का नाम रोशन किया है। त्रिपालसिंह की इस सफलता के पीछे एक संघर्षपूर्ण कहानी है। उनके पिता नारायण सिंह बस ड्राइवर हैं और माता ममता कंवर गृहिणी हैं।
तीन भाई-बहनों में सबसे छोटे त्रिपाल ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और गुरुजनों को दिया। उनकी बड़ी बहन हीना बीएड और डिम्पल बीए की पढ़ाई कर रही हैं। त्रिपाल का सपना है कि वह भविष्य में RAS (राजस्थान प्रशासनिक सेवा) अधिकारी बनकर प्रदेश की सेवा करें।
मोबाइल से दूरी और 7 घंटे पढ़ाई: एंजल का 'सीए' बनने का संकल्प
पाली शहर की सिंधी कॉलोनी निवासी एंजल निहालानी ने भी अपनी मेहनत का लोहा मनवाया है। सेंट पॉल स्कूल की छात्रा एंजल ने कॉमर्स संकाय में 90% अंक हासिल किए हैं। एंजल ने बताया कि उन्होंने सफलता के लिए सोशल मीडिया और मोबाइल से दूरी बनाए रखी और रोजाना 6 से 7 घंटे नियमित पढ़ाई की।
एंजल के पिता ललित निहालानी लोन एजेंट हैं और माता महक गृहिणी हैं। एंजल का लक्ष्य अब चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) बनने का है। उनके छोटे भाई भव्य, जो अभी 10वीं कक्षा में है, के लिए एंजल एक प्रेरणा बनकर उभरी हैं।


