गोविंदगढ़ में शराब पीकर घर आने पर पति-पत्नी के झगड़े के बाद महिला ने लगाया फंदा, मौत; पीहर पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप
अलवर: गोविंदगढ़ थाना क्षेत्र के तिलवाड़ गांव में रविवार रात शराब के नशे को लेकर हुए विवाद के बाद एक विवाहिता ने फंदे से लटक कर जान दे दी। घटना के बाद आरोपी पति अस्पताल में शव छोड़कर फरार हो गया, वहीं मृतका के पीहर पक्ष ने दहेज प्रताड़ना और गला घोंटकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है।
शराब के विवाद के बाद उठाया कदम पुलिस के अनुसार, तिलवाड़ निवासी राजेश (35) ट्रक चालक है और वह शराब पीने का आदी है। रविवार शाम को राजेश शराब पीकर घर आया था, जिसको लेकर पति-पत्नी के बीच झगड़ा हुआ। इसके बाद कंचन (28) ने कमरे में जाकर अंदर से गेट बंद कर लिया। काफी देर तक बाहर न आने पर अंदर से रो रहे बच्चे की आवाज सुनकर सास ने खिड़की से देखा, तो कंचन का शव फंदे से लटका मिला।
अस्पताल में शव छोड़कर भागा पति पति राजेश फंदे से उतारकर कंचन को अचेत अवस्था में अस्पताल ले गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद वह शव को वहीं छोड़कर फरार हो गया। मृतका के ताऊ रघुवीर सिंह ने आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष के लोग दहेज के लिए प्रताड़ित करते थे और राजेश शराब पीकर मारपीट करता था। उन्होंने कंचन की हत्या कर शव को फंदे पर लटकाने का आरोप लगाया है।
पुलिस जांच में जुटी थानाधिकारी धीरज गुर्जर ने बताया कि पीहर पक्ष की शिकायत पर दहेज प्रताड़ना और हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर जांच शुरू कर दी है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा। मृतका के दो मासूम बेटे (5 और 3 वर्ष) हैं।

