रामगढ़ मे जमुना की कोठी पर आयोजित हुआ विशाल अन्नकूट महोत्सव, हजारों श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद
रामगढ़, अलवर / राधेश्याम गेरा : रामगढ़ कस्बे के स्वर्गीय विधायक रघुवर दयाल गोयल परिवार की परंपरा को निभाते हुए इस वर्ष भी नोगावां मोड़ के समीप स्थित रघुवंश रिसोर्ट के पीछे जमुना की कोठी मंदिर पर अन्नकूट का भव्य आयोजन किया गया। इस धार्मिक अनुष्ठान में हजारों की संख्या में पहुंचकर लोगों ने महाप्रसाद ग्रहण किया।
विशेष तिथियों के चलते 9 नवंबर को हुआ आयोजन इस बार 9 नवंबर को दोपहर तक अमावस्या और उसके बाद प्रतिपदा तिथि होने के कारण शहर के अन्य मंदिरों में गोवर्धन पूजा और अन्नकूट 10 नवंबर को आयोजित होने थे, लेकिन गोयल परिवार ने परंपरा के अनुसार 9 नवंबर को ही अन्नकूट का आयोजन किया। इसमें गोयल परिवार के शुभचिंतकों सहित शहर और आसपास के सैकड़ों ग्रामीण शामिल हुए।
विशेष व्यवस्था और पारंपरिक व्यंजन प्रातः 11 बजे से शुरू हुआ अन्नकूट प्रसाद वितरण दोपहर 2 बजे के बाद तक सुचारू रूप से चलता रहा। श्रद्धालुओं के लिए दरी-पट्टियों पर पंक्तियों में बैठकर भोजन की व्यवस्था की गई थी, जबकि बुजुर्गों और गणमान्य नागरिकों के लिए कुर्सी-मेज का प्रबंध किया गया था। श्रद्धालुओं ने कढ़ी, बाजरा, भुजिया सब्जी और मूंग-चावल की खिचड़ी के पारंपरिक प्रसाद का आनंद लिया।
इनकी रही विशेष उपस्थिति आयोजन को सफल बनाने में जय प्रकाश गोयल, मुकेश गोयल, नरेश गोयल, राकेश गोयल, मास्टर रामौतार, सैफ गोयल, दिनेश मित्तल, रोहित, गौतम, कुबल, पार्थ, अंकित, संजीव सैनी, राजीव मित्तल, टिम्मी, अखिलेश गुप्ता और हीरु गुप्ता आदि ने अपनी सेवाएं दीं। इस दौरान नगर पालिका के वाइस चेयरमैन राजन सिंह, नवल शर्मा, चिराग गेरा सहित क्षेत्र के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

