पत्रकार संघ मुण्डावर का दीपावली मिलन समारोह आयोजित,पत्रकारों ने दिया एकता और भाईचारे का संदेश
मुण्डावर / देवराज मीणा : पत्रकार संघ मुण्डावर की ओर से शनिवार को होटल राजविलास में दीपावली मिलन समारोह का आयोजन बड़े उत्साह और सौहार्दपूर्ण वातावरण में किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मुण्डावर थानाधिकारी मोहर सिंह ने शिरकत की, जबकि अध्यक्षता संघ के अध्यक्ष टिंकू सैन ने की।
पत्रकारों के हितों और संगठन की मजबूती पर चर्चा समारोह के दौरान पत्रकारों ने एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए एकता, भाईचारे और आपसी सहयोग का संदेश दिया। वक्ताओं ने निष्पक्ष पत्रकारिता, पत्रकार हितों की रक्षा और समाज की समस्याओं को शासन-प्रशासन तक प्रमुखता से पहुंचाने पर जोर दिया।
मुख्य अतिथि थानाधिकारी मोहर सिंह ने कहा कि समाज में जागरूकता लाने और जनहित से जुड़े मुद्दों को सामने रखने में मीडिया की अहम भूमिका है, और पुलिस-पत्रकारों के बीच बेहतर समन्वय से सकारात्मक माहौल बनता है। संघ अध्यक्ष टिंकू सैन ने सभी का आभार जताते हुए कहा कि पत्रकारों की एकजुटता ही संगठन की असली ताकत है।
इस दौरान संरक्षक जैनेन्द्र सिंह पुण्डीर, उपाध्यक्ष अनिल बजाज, कोषाध्यक्ष लोकेश रोघा, सचिव ताराचंद खोयडवाल, मंत्री हवासिंह चौधरी, महामंत्री संदीप यादव, पवन भारद्वाज, अमित रोहिल्ला और देवराज मीणा सहित कई पत्रकार साथी मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने निष्पक्ष और जिम्मेदार पत्रकारिता करने का संकल्प लिया।

