गोविंदगढ़:'एक ईंट, एक रुपया' के संदेश पर सजे महाराजा अग्रसेन जयंती महोत्सव में नवनिर्वाचित पार्षदों और भामाशाहों का किया अभिनंदन, निकली भव्य शोभायात्रा
गोविंदगढ़ (अलवर)। गोविंदगढ़ में श्री अग्रवाल महासभा के तत्वावधान में महाराजा अग्रसेन जयंती महोत्सव अग्रवाल धर्मशाला में धूमधाम के साथ मनाया गया। इस भव्य आयोजन में रामगढ़ विधायक सुखवंत सिंह मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि नगरपालिका अध्यक्ष मधु इन्दर गुप्ता थी जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता लक्ष्मी नीरज अग्रवाल ने की।
प्रभात फेरी और मेधावी छात्रों का सम्मान
श्री अग्रवाल महासभा के अध्यक्ष फूलचंद बंसल ने बताया कि महोत्सव की शुरुआत प्रातःकाल शहर में निकाली गई प्रभात फेरी के साथ हुई। इसके पश्चात अग्रवाल धर्मशाला में आयोजित आमसभा में विधायक सुखवंत सिंह ने समाज के मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया। साथ ही, समाज के प्रमुख भामाशाहों और गोविंदगढ़ नगरपालिका चुनावों में विजयी रहे समाज के प्रतिनिधियों—नगरपालिका अध्यक्ष मधु इंदर गुप्ता, पार्षद लक्ष्मी नीरज अग्रवाल और पार्षद भुवनेश गुप्ता का विशेष सम्मान किया गया।
अग्रसेन जी के आदर्शों पर चलने का आह्वान
मुख्य अतिथि विधायक सुखवंत सिंह ने महाराजा अग्रसेन के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनका जीवन समाज में समानता, मानवता, सेवा, करुणा और आपसी भाईचारे का संदेश देता है। उनका प्रसिद्ध सिद्धांत "एक रुपया, एक ईंट" समाज के प्रत्येक व्यक्ति को साथ लेकर चलने और सामूहिक विकास की प्रेरणा देता है। उन्होंने सभी से उनके आदर्शों को आत्मसात करने का आह्वान किया।
मुख्य बाजारों से निकली भव्य शोभायात्रा
दोपहर बाद 3:00 बजे गोविंदगढ़ के मुख्य बाजारों से महाराजा अग्रसेन की भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें समाज के युवा, पुरुष और महिलाएं बड़ी संख्या में सम्मिलित हुए। यह पूरा आयोजन श्री अग्रवाल महासभा, श्री अग्र नवयुवक मंडल और श्री अग्र महिला मंडल के संयुक्त प्रयासों से सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

