औद्योगिक क्षेत्रों में सुधार और सड़क चौड़ीकरण को लेकर कलेक्टर सख्त: भिवाड़ी-चौपानकी का किया निरीक्षण, कचरा निस्तारण पर दिए कड़े निर्देश
खैरथल-तिजारा / हीरालाल भूरानी
जिला कलेक्टर अतुल प्रकाश ने गुरुवार को बीड़ा (BIDA) कार्यालय में अधिकारियों के साथ बैठक कर क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों एवं औद्योगिक व्यवस्थाओं की समीक्षा की। बैठक के बाद उन्होंने भिवाड़ी और चौपानकी औद्योगिक क्षेत्रों के साथ-साथ भिवाड़ी टोल से टपूकड़ा तक चल रहे सड़क चौड़ीकरण कार्य का मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया।
विकास कार्यों की प्रगति पर ली जानकारी निरीक्षण से पूर्व बीड़ा कार्यालय में आयोजित बैठक के दौरान जिला कलेक्टर ने अधिकारियों से औद्योगिक क्षेत्रों में संचालित विभिन्न विकास कार्यों और व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्यों में गति लाई जाए और विभागीय समन्वय के साथ समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए।
औद्योगिक क्षेत्रों में सुधार के निर्देश बैठक के पश्चात जिला कलेक्टर ने भिवाड़ी इंडस्ट्रियल एरिया और चौपानकी इंडस्ट्रियल एरिया का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने औद्योगिक क्षेत्रों में उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं, साफ-सफाई और स्वच्छता व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि औद्योगिक क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया जाए तथा जहां भी सुधार की आवश्यकता हो, वहां तुरंत कदम उठाए जाएं।
समयबद्ध सड़क चौड़ीकरण व कचरा निस्तारण पर जोर इसके बाद जिला कलेक्टर ने भिवाड़ी टोल से टपूकड़ा तक सड़क चौड़ीकरण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता और प्रगति का अवलोकन करते हुए निर्देश दिए कि कार्य को निर्धारित मानकों के अनुरूप और समयबद्ध रूप से पूरा किया जाए।
निरीक्षण के दौरान सड़क के दोनों ओर की साफ-सफाई, कचरा संग्रहण और निस्तारण की स्थिति को देखते हुए उन्होंने सख्त निर्देश दिए कि भिवाड़ी से टपूकड़ा मार्ग के आसपास नियमित रूप से सफाई कराई जाए और सड़क किनारे कचरा जमा न होने दिया जाए। उन्होंने सफाई के दौरान निकलने वाले कचरे के नियमानुसार वैज्ञानिक व उचित निस्तारण पर विशेष बल दिया।
मॉनिटरिंग और स्वच्छ वातावरण प्राथमिकता जिला कलेक्टर ने कहा कि औद्योगिक क्षेत्रों में बेहतर बुनियादी सुविधाएं और स्वच्छ वातावरण बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को चेताया कि औद्योगिक क्षेत्रों एवं मुख्य मार्गों की स्वच्छता व्यवस्था की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

