सकट में जिला कलेक्टर ने स्कूल व अस्पताल का किया निरीक्षण
सकट (अलवर)
जिला कलेक्टर डॉ. अर्तिका शुक्ला ने गुरुवार को सकट कस्बे में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) और पीएमश्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य एवं शिक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को अस्पतालों में मरीजों तथा स्कूलों में विद्यार्थियों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए।
सीएचसी में प्रसव सेवाओं व मरीजों की संख्या बढ़ाने पर जोर निरीक्षण के क्रम में जिला कलेक्टर सबसे पहले सकट के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचीं। उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं, उपलब्ध सुविधाओं और मरीजों को मिल रही सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने पाया कि सीएचसी में व्यवस्थाएं संतोषजनक हैं, लेकिन उपलब्ध संसाधनों के मुकाबले मरीजों की संख्या अपेक्षाकृत कम है। इस पर उन्होंने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी सहित संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि अस्पताल की सेवाओं का अधिक से अधिक लोगों को लाभ मिले। विशेष रूप से महिलाओं की डिलीवरी सीएचसी में अधिक संख्या में कराने, उन्हें सुविधाओं की जानकारी देने और आवश्यक सेवाएं सुलभ कराने पर ध्यान देने को कहा गया, ताकि स्थानीय लोगों को इलाज के लिए बाहर न जाना पड़े।
पीएमश्री स्कूल में विद्यार्थियों से संवाद इसके बाद जिला कलेक्टर ने पीएमश्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय का निरीक्षण किया और शैक्षणिक व भौतिक व्यवस्थाओं को देखा। उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद कर पढ़ाई व स्कूल में मिल रही सुविधाओं के बारे में पूछा। कलेक्टर ने बताया कि विद्यालय में व्यवस्थाएं बेहतर हैं और नामांकन/उपस्थिति 60 प्रतिशत से अधिक है, लेकिन इसमें और वृद्धि की आवश्यकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि संसाधनों का समुचित उपयोग करते हुए अधिक से अधिक बच्चों को शिक्षा से जोड़ा जाए।
ग्रामीणों ने सौंपा ज्ञापन निरीक्षण के दौरान सकट के ग्रामीणों ने सरपंच राजकुमार मीणा के नेतृत्व में जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कस्बे की पेयजल समस्या के समाधान, सीएचसी में सीसी सड़क निर्माण कार्य और हाईमास्ट लाइट लगवाने सहित अन्य बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की गई।
इस अवसर पर राजगढ़ एसडीएम सीमा मीना, बीसीएमओ डॉ. रोहित गोयल, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी महेश कुमार गुप्ता, एडीपीसी महेश मेहता, सीबीईओ राजगढ़ लीलावती मीना, विकास अधिकारी विक्रम सिंह गुर्जर, सरपंच राजकुमार मीणा और प्रधानाचार्य पूरण चंद मीना सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

