दी ट्रक ऑपरेटर यूनियन बहरोड़ ने मनाया वार्षिकोत्सव
बहरोड़ (मयंक जोशीला) जयपुर-दिल्ली हाईवे स्थित दी ट्रक ऑपरेटर यूनियन बहरोड़ ने शनिवार को वार्षिकोत्सव मनाया। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह हवन-पूजन के साथ हुई। इस दौरान देश की रक्षा में तैनात जवानों की सलामती और सुख-शांति के लिए विशेष आहुतियां दी गईं। हवन के बाद देसी घी से बने भंडारे का आयोजन किया गया। आयोजन स्थल पर बने शिव मंदिर में पूजा-अर्चना की गई। मंदिर को रंग-बिरंगे और सुगंधित फूलों से सजाया गया। हजारों श्रद्धालुओं ने भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया। यूनियन के अध्यक्ष प्रद्युम्न यादव ने बताया कि यह आयोजन सामाजिक व धार्मिक एकता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि भंडारे का आयोजन देर रात तक चलेगा। इससे अधिक से अधिक लोग प्रसाद का लाभ ले सकेंगे। कार्यक्रम में यूनियन के पूर्व अध्यक्ष भूपेंद्र यादव उर्फ पिंकी यादव, नगर के गणमान्य व्यक्ति, व्यापारी और यूनियन के सदस्य मौजूद रहे। सभी ने मिलकर आयोजन को सफल बनाया और श्रद्धालुओं की सेवा की।

