रेड फ्लैग आवेदनों की निस्तारण हेतु अन्तिम तिथि 30 जून
भरतपुर, 25 जून (कोशलेन्द्र दत्तात्रेय) उत्तर मैट्रिक छात्रवृत्ति सत्र 2022-23 एवं 2023-24 में रेड फ्लैग आवेदनों की निस्तारण हेतु अन्तिम तिथि निर्धारित की गई है।
संयुक्त निदेशक सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता श्याम सुन्दर शर्मा ने बताया कि विभाग की ओर से संचालित उत्तर मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, विशेष पिछडा वर्ग, अन्य पिछडा वर्ग में सत्र 2022-23 में कुल 198 आवेदन एवं सत्र 2023-24 से 17 आवेदन रेड फ्लैग में हैं। उन्होंने बताया कि जिन विद्यार्थियों के छात्रवृति आवेदन रेड फ्लैग में हैं वे अपनी एसएसओ आईडी पर देख सकते हैं। विद्यार्थी, जिसका आवेदन रेड फ्लैग में है वह अपने मूल दस्तावेज यथा मूल एवं जाति प्रमाण पत्र, आधार, जनाधार एवं बैंक पास बुक लेकर जिला कार्यालय में सम्पर्क कर सकते हैं। विधार्थी हित को दृष्टिगत रखते हुए अन्तिम अवसर प्रदान करते हुए शैक्षणिक सत्र 2022-23 एवं 2023-24 तक के समस्त छात्रवृति आवेदनों से रेड फ्लैग हटवाने की अन्तिम तिथि 30 जून 2025 निर्धारित की गई है। अन्तिम तिथि 30 जून 2025 के पश्चात रेड फ्लैग स्तर पर लम्बित आवेदन पत्रों पर कोई विचार नहीं किया जावेगा।