चंबल फिल्टर प्लांट में सफाई के दौरान बड़ा हादसा: युवक की टैंक में डूबने से मौत
भरतपुर (कोशलेन्द्र दत्तात्रेय) रूपवास स्थित चंबल फिल्टर प्लांट में सोमवार को सफाई के दौरान बड़ा हादसा हो गया। रिसाइकिल वाटर टैंक की सफाई के लिए उतरे एक युवक की टैंक में डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान विजेंद्र (22) निवासी नगला झोर, थाना रुदावल के रूप में हुई है। वह प्लांट में कॉन्ट्रैक्ट पर काम करता था। जानकारी के अनुसार, रोजाना की तरह टैंक की सफाई का काम चल रहा था। विजेंद्र अपने दो साथियों के साथ रस्सी के सहारे नीचे उतरा। सफाई के दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह फिसलकर पानी में गिर गया। साथ मौजूद कर्मियों ने तुरंत मदद के लिए आवाज लगाई। मौके पर मौजूद लोगों ने रेस्क्यू शुरू किया और युवक को बाहर निकाला गया। जब तक SDRF की टीम मौके पर पहुंची और CPR देकर जान बचाने की कोशिश की गई, तब तक देर हो चुकी थी। हादसे की जानकारी मिलते ही विभागीय अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की गई है।