विप्र फाउंडेशन अलवर ने भगवान श्री गणेश को अर्पित किया निमंत्रण; 29 नवंबर को आयोजित होगा चतुर्थ विप्र प्रतिभा सम्मान समारोह एवं करियर काउंसलिंग शिविर
अलवर (राजस्थान) विप्र फाउंडेशन (जिला अलवर) द्वारा आगामी कार्यक्रम के सफल एवं निर्विघ्न आयोजन की कामना के साथ प्रथम पूज्य भगवान श्री गणेश जी को सादर निमंत्रण पत्र अर्पित किया गया। इस दौरान संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने पूजा-अर्चना कर समाजसेवा, संगठन विस्तार और जनकल्याण के संकल्प को दोहराया।
विप्र फाउंडेशन अलवर के जिलाध्यक्ष पीयूष पंडित जाडला ने बताया कि 29 नवंबर 2026 (रविवार) को प्रातः 10:15 बजे, प्रताप ऑडिटोरियम, अलवर में ‘चतुर्थ विप्र प्रतिभा सम्मान समारोह एवं करियर काउंसलिंग शिविर’ का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य विप्र समाज के प्रतिभावान विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करना तथा हाल ही में नगर निकाय व पंचायत चुनावों में विजयी रहे विप्र जनप्रतिनिधियों को सम्मानित करना है। साथ ही, करियर काउंसलिंग के माध्यम से युवाओं को उच्च शिक्षा, रोजगार और नेतृत्व विकास के लिए मार्गदर्शन दिया जाएगा।
- आवेदन फॉर्म जमा करने की अंतिम तिथि: 31 अक्टूबर 2026
संगठन ने स्पष्ट किया है कि सम्मान हेतु आवेदन फॉर्म जमा कराने की अंतिम तिथि 31 अक्टूबर 2026 निर्धारित है। इसके पश्चात कोई भी आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा। सभी पात्र प्रतिभागी समय रहते अपना फॉर्म जमा कराएं ताकि व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण की जा सकें।
इस अवसर पर संरक्षक मुकेश गौड़, प्रदेश उपाध्यक्ष प्रकाश अडिच्वाल, जिला महामंत्री मनोज बेड़ा, महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष रैणु वत्स, युवा जिलाध्यक्ष कृष्णकांत शर्मा, उपाध्यक्ष सीए नवीन शर्मा, गोपेश पचौरी, युवा प्रकोष्ठ महामंत्री राहुल घाट, गोपेश शर्मा, दीपक भारद्वाज, मयंक शर्मा, रमेश शर्मा और लखन शर्मा सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
विप्र फाउंडेशन परिवार ने समस्त समाज बंधुओं से कार्यक्रम में सपरिवार पधारने एवं प्रतिभाओं का उत्साहवर्धन करने का आह्वान किया है।

