भरतपुर (कोशलेन्द्र दत्तात्रेय) 04 अगस्त। राज्य सरकार के निर्देशानुसार स्वंतत्रता दिवस के उपलक्ष्य में हर घर तिरंगा अभियान के तहत 2 से 15 अगस्त तक जिले में विभिन्न देशभक्तिपूर्ण कार्यक्रम तीन चरणों में आयोजित कर आमजन की भागीदारी से तिरंगा यात्रा एवं हर घर तिरंगा फहराया जायेगा।
जिला कलक्टर कमर चौधरी ने बताया कि जिले में हर घर तिरंगा अभियान को जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों एवं आमजन की सहभागिता से सफल क्रियान्वयन किया जाएगा। विभिन्न कार्यक्रम स्थानीय निकायों एवं पंचायतीराज संस्थाओं द्वारा तिरंगे ध्वज का वितरण किया जाकर आमजन को घरों पर तिरंगा लगाने के लिए प्रेरित किया जायेगा। जिला मुख्यालय एवं सभी ब्लॉक व ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर तिरंगा शपथ का आयोजन किया जायेगा।
प्रथम चरण में रंगोली प्रतियोगिता, तिरंगा रंग में सजावट
जिला कलक्टर ने हर घर तिरंग अभियान के सफल आयोजन हेतु मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। राज्य सरकार के मंशानुरूप तीन चरणों में गतिविधियां आयोजित होंगी। उन्होंने बताया कि 2 से 8 अगस्त तक प्रथम चरण में समस्त राजकीय, निजी विद्यालयों की दीवारों और बोर्डों की तिरंगे से प्रेरित कलाकृतियों से सजावट करना। संस्कृति मंत्रालय द्वारा प्रदान की गई प्रदर्शनियों वेबसाइट www.harghartiranga.com के डाउनलोड अनुभाग में उपलब्ध का चिन्हित स्थानों पर शैक्षणिक संस्थानों, सरकारी भवनों आदि में प्रदर्शन किया जायेगा। इसी प्रकार समस्त राजकीय-निजी विद्यालय, महाविद्यालय, सार्वजनिक स्थलों आदि पर तिरंगा रंगोली प्रतियोगिताओं का आयोजन। सैनिकों और पुलिसकर्मियों तक राखी पहुँचाने हेतु अधीक्षक डाक विभाग के साथ समन्वय में तिरंगा राखी बनाने की कार्यशालाएँ और प्रतियोगिताएँ आयोजित करना। सार्वजनिक स्थानों, बाजारों में तिरंगे रंगो में पारंपरिक बुनाई प्रदर्शित करने के लिए तिरंगा बुनाई और धागों से जुड़ी गतिविधियां संचालित की जायेंगी।
द्वितीय चरण में बाईक-साइकिल रैली, तिरंगा प्रकाश में बाजार की सजावट
जिला कलक्टर ने बताया कि जिला, ब्लॉक व पंचायत स्तर पर तिरंगा बाईक रैली और तिरंगा साइकिल रैली का आयोजन किया जाएगा। इसी प्रकार तिरंगा रैली एवं यात्राएँ आयोजित की जाएँ। हर घर तिरंगा यात्रा में आमजन की भागीदारी के लिए 12 अगस्त को सांय 5 बजे से साईकिल रैली द्वारा हर घर तिरंगा यात्रा का आयोजन कलेक्ट्रेट परिसर से बिजलीघर चौराहा, चौबुर्जा, गंगा मंदिर, लक्ष्मण मंदिर, कुम्हेर गेट से होते हुए हीरादास सर्किल से लोहागढ स्टेडियम स्थित शहीद स्थल तक किया जायेगा। यात्रा में साईकिल क्लब, एनसीसी, महाविद्यालय एवं विद्यालय स्तर के विद्यार्थी, एनएसएस, जनप्रतिनिधि, विभागों के अधिकारी, विभिन्न सामाजिक/नागरिक संगठन, स्वयंसेवी संस्थाएं, तिरंगा लेकर चलेंगे। आयुक्त नगर निगम श्रवण विश्नोई कार्यक्रम के प्रभारी अधिकारी रहेंगे। उपखण्ड क्षेत्र में आयोजित होने वाली रैली के लिए स्थान उपखण्ड अधिकारी सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने बताया कि तिरंगा और उससे संबंधित वस्तुओं आदि की बिक्री को प्रोत्साहित करके स्थानीय बाजारों में तिरंगा प्रकाश और सजावट कार्य किया जायेगा।
तृतीय चरण सोशल मीडिया पर तिरंगा सेल्फी करें अपलोड
जिला कलक्टर ने बताया कि 13 से 15 अगस्त तक हर घर तिरंगा फहराने के बाद प्रत्येक नागरिक तिरंगे के साथ सैल्फी लेकर www.harghartiranga.com पर अपलोड कर सकेंगे। अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर डीपी के रूप में लगाएं इसके लिए प्रचार-प्रसार कर लोगों को प्रेरित किया जायेगा। उन्होंने सभी सरकारी विभागों, स्थानीय निकाय व बोर्डों के कार्मिकों को भी सैल्फी के लिए प्रेरित किया है। उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों से हर घर तिरंगा अभियान में सक्रियता से भागीदारी निभाकर देशभक्ति के कार्यक्रमों को उत्साहपूर्वक मनाने के निर्देश दिये है।
तिरंगा सेल्फी एवं तिरंगा कैनवास अभियान 15 को
जिला कलक्टर ने बताया कि समस्त सरकारी भवनों, शैक्षणिक संस्थानों, होटलों आदि पर ध्वजारोहण गतिविधियां आयोजित की जायेंगी। 15 अगस्त को जिला मुख्यालय पर पुलिस परेड ग्राउण्ड एवं उपखण्ड स्तर पर ध्वजारोहण कार्यक्रम के साथ तिरंगा सेल्फी, तिरंगा कैनवास अभियान एवं हर घर तिरंगा कार्यक्रम के अन्तर्गत मेले का आयोजन किया जायेगा।