जिलेभर में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया 79वां स्वाधीनता दिवस समारोह

Aug 15, 2025 - 12:15
 0
जिलेभर में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया 79वां स्वाधीनता दिवस समारोह

भरतपुर(कोशलेन्द्र दत्तात्रेय) 15 अगस्त। जिलेभर में 79वां स्वाधीनता दिवस समारोह शुक्रवार हर्षाेल्लास के साथ समारोह पूर्वक मनाया गया। केन्द्रीय विद्यालय परिसर में आयोजित भव्य जिला स्तरीय समारोह में ऊर्जा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) हीरालाल नागर ने झंडारोहण कर परेड का निरीक्षण किया और मार्च फास्ट  की सलामी ली। 
स्वाधीनता दिवस की परेड में 7 आरएसी के परेड कमाण्डर नेत्रपाल सिंह के नेतृत्व में राजस्थान सशस्त्र पुलिस, राजस्थान पुलिस, महिला पुलिस, एनसीसी, होमगार्ड, भारत स्काउट व गाईड के स्यंवसेवकों की टुकडियों एवं पुलिस बैंड ने भाग लिया। समारोह में राज्यपाल के संदेश का पठन अतिरिक्त कलक्टर प्रशासन घनश्याम शर्मा ने किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि  नागर ने शहीद वीरांगनाओं  सुनीता देवी,  आशा देवी,  माया देवी,  रतनदेई,  सीमा देवी,  शीला देवी, गीता देवी,  सूरजमुखी,  मुन्नी देवी,  जयलता,  सुमन व  विमला को शॉल ओढाकर सम्मानित किया। जिले में राजकीय कार्यों का पूर्ण निष्ठा, कर्मठता से सम्पादन किये जाने के उपलक्ष्य में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 65 अधिकारी-कार्मिकों एवं उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम वाले छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। 

समारोह में स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सामूहिक गायन, राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत गीत और आकर्षक शारीरिक व्यायाम के प्रदर्शन ने उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। आर्मी स्कूल कंजौली लाईन के विद्यार्थियों ने पुलवामा घटना पर आधारित नाट्य-गीत की देशभक्ति पूर्ण प्रस्तुति दी। टीएम इंटरनेशनल स्कूल के विद्यार्थियों ने देशभक्ति पूर्ण सामूहिक गीत पर नृत्य प्रस्तुत करते हुए समारोह में देशभक्ति का संदेश दिया। इस अवसर पर संभागीय आयुक्त डॉ. टीना सोनी, पुलिस महानिरीक्षक कैलाश विश्नोई, जिला कलक्टर कमर चौधरी, जिला पुलिस अधीक्षक दिगंत आनंद, बीडीए आयुक्त कनिष्क कटारिया, डीएफओ मानस सिंह, अतिरिक्त कलक्टर शहर राहुल सैनी, जिला अध्यक्ष शिवानी दायमा सहित अधिकारीगण एवं विभिन्न जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। 

प्रधानमंत्री के नेतृत्व में दूरगामी सोच के साथ कार्य हुआ -
समारोह में उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए राज्यमंत्री हीरालाल नागर ने कहा कि भारत को अंग्रेजी शासन से मुक्त कराने के लिए जिन महापुरूषों ने अपना सब कुछ न्यौछावर कर दिया, देश के लिए मर मिटने वाले सभी शहीदों को हम कोटि-कोटि प्रणाम करते हैं। उन्होंने कहा कि देश आज आजादी के स्वर्णिम काल में आत्मविश्वास और सम्मान के साथ तेजी से आगे बढ रहा है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में बिजली, पानी, सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार, अर्थव्यवस्था, विदेश नीति सहित आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए दूरगामी सोच के साथ काम हुआ है।
राष्ट्रीय सुरक्षा पर बल देते हुए  नागर ने कहा नए भारत की ताकत को हमने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान देखा। हमारी सेनाओं ने जिस पराक्रम के साथ दुश्मन से बदला लिया, हर भारतवासी को उस पर गर्व है। पूरे विश्व में संदेश गया कि अब भारत कमजोर नहीं है। छेड़ने पर वह दहाड़ता है और घर में घुसकर मारता है। मोदीजी के नेतृत्व में देश अब बदल चुका है। उन्होंने सेनाओं को खुली छूट दी है। हमारे सैनिकों के हाथ अब बंधे नहीं हैं। दुश्मन देश अगर दुस्साहस करेगा, तो उसे मुंह तोड़ जवाब देने की छूट हमारी सेनाओं को है। यह हमने सर्जिकल स्ट्राइक के समय भी देखा था और पहलगाम की दर्दनाक घटना के बाद ऑपरेशन सिंदूर में भी हमने दुश्मन से बदला लिया है। 

भरतपुर विकास के पथ पर अग्रसर
ऊर्जा मंत्री ने कहा कि भरतपुर में पेयजल समस्या के समाधान के लिए चम्बल नदी आधारित कालीतीर जल प्रदाय परियोजना में 710 करोड़ तथा चम्बल आधारित वृहद पेयजल परियोजना के लिए 5 हजार 374 करोड़ रूपये का प्रावधान किया गया है। भरतपुर के रिंग रोड, दो फ्लाईओवर निर्माण, डूंगरी बांध से सुजान गंगा लिंक नहर निर्माण, संभाग स्तर पर स्पोर्टस कॉलेज, किसानों के लिए फूड पार्क तथा मिल्क प्रोसेसिंग प्लांट के अपग्रेडेशन जैसे कार्य सुनहरे भविष्य की ओर इंगित करते हैं। 
कार्यालयाध्यक्षों ने किया ध्वजारोहण
जिलेभर में सभी कार्यालयों में कार्यालयाध्यक्षों द्वारा हर्षाेल्लास के साथ ध्वजारोहण किया गया। संभागीय आयुक्त डॉ. टीना सोनी ने डीसी कार्यालय व निवास पर, पुलिस महानिरीक्षक कैलाश विश्नोई ने आईजी कार्यालय, जिला कलक्टर कमर चौधरी ने कलक्टर निवास, कलक्ट्रेट,  जिला परिषद, डिस्ट्रिक्ट क्लब, नगर निगम, कॉपरेटिव कार्यालय पर ध्वजारोहण किया तथा जिला पुलिस अधीक्षक दिगंत आनंद ने एसपी कार्यालय व निवास पर झंडारोहण किया। लोहागढ स्टेडियम स्थित शहीद स्मारक पर देश की रक्षा हेतु अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर सैनिकों को पुष्पचक्र अर्पित कर जिला कलक्टर कमर चौधरी, आयुक्त बीडीए कनिष्क कटारिया, अतिरिक्त कलक्टर प्रशासन घनश्याम शर्मा, शहर राहुल सैनी सहित पूर्व सैनिकों ने भावभीनी शहीदों को नमन किया। जिला कलक्टर ने कलक्ट्रेट परिसर में झंडारोहण के बाद अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बाल विवाह की रोकथाम के लिए शपथ दिलाई। जिला कलक्टर द्वारा परिसर में एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत कदम्ब का पेड़ भी लगाया।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिलेभर में न्यायालयों, समस्त राजकीय, निजी, औद्योगिक, व्यवसायिक, बोर्ड एवं निगम कार्यालयों, संस्थानों, शैक्षणिक संस्थानों में संस्था प्रधानो द्वारा ध्वाजारोहण किया गया। शहर के ऐतिहासिक दरवाजों, भवनों प्रमुख चौराहो पर रंगीन एवं आर्कषक रोशनी तथा रंगोली बनाकर सजावट की गयी। जिले में सभी उपखण्ड क्षेत्रों के सभी कार्यालयों में कार्यालयाध्यक्षों द्वारा ध्वजारोहण कर हर्षोल्लास के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित कर स्वाधीनता दिवस मनाया गया। समारोह का सफल संचालन अनुपमा चीमा द्वारा किया गया।

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

एक्सप्रेस न्यूज़ डेस्क बुलंद आवाज के साथ निष्पक्ष व निर्भीक खबरे... आपको न्याय दिलाने के लिए आपकी आवाज बनेगी कलम की धार... आप भी अपने आस-पास घटित कोई भी सामाजिक घटना, राजनीतिक खबर हमे हमारी ई मेल आईडी GEXPRESSNEWS54@GMAIL.COM या वाट्सएप न 8094612000 पर भेज सकते है हम हर सम्भव प्रयास करेंगे आपकी खबर हमारे न्यूज पोर्टल पर साझा करें। हमारे चैनल GEXPRESSNEWS से जुड़े रहने के लिए धन्यवाद................